
सीधी। रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 में जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम सोनवर्षा स्थित टोल प्लाजा का शुक्रवार को शिवसेना जिला इकाई सीधी द्वारा घेराव कर प्रदर्शन किया गया। शिवसेना के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा के संविदाकार द्वारा नियम कायदों को तार करते हुए वाहन संचालकों से अभद्रता की जाती है। आस पास के ग्रामीणों से भी शहर में आने जाने पर पूरा टोल लिया जाता है। टोल में बिना यूनिफार्म के अराजक तत्व बैठाए जाते हैं, जो वाहन संचालकों से अभद्रता करते हैं। यदि इस मनमानी पर लगाम नहीं लगाई गई तो शिवसेना द्वारा टोल में तालाबंदी की जाएगी, जिसका जिम्मेदार जिला प्रशाासन होगा।
दोपहर 12 बजे से करीब दो घंटे तक चले घेराव व विरोध प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम गोपद बनास नीलेश शर्मा को शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय गायत्री तिवारी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
संविदाकार बदलते ही शुरू हो जाती है मनमानी-
शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया की तीसरी बार सोनवर्षा टोल प्लाजा का घेराव किया जा रहा है। हर वर्ष जैसे ही टोल प्लाजा के संचालक का ठेका खत्म होता और नया ठेकेदार काम संभालता है, यहां मनमानी शुरू हो जाती है। यहां संविदाकार द्वारा निर्धारित मांपदंडो की भी अनदेखी की जा रही है। क्रेन की व्यवस्था नहीं है, डंपिंग की व्यवस्था नहीं है। आए दिन वाहन संचालकों से विवाद भी किया जाता है। धरना प्रदर्शन मेंं मुख्य रूप से शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय, संभाग उपाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, संभाग संयोजक संत कुमार केवट, जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल, राम सजीवन जायसवाल, राजेश विश्वकर्मा, मुन्ना सिंह चौहान, राजन मिश्रा, सुनील विश्वकर्मा, रोहित राठौर, संजय चौहान, रवि यादव, शिवम सिंह बघेल, सुजीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।