सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सीधी में विधायक सीधी रीती पाठक के मुख्य आतिथ्य में महाविद्यालय वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर दौड़, लंबी कूद, ऊची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक आदि प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सीधी रीती पाठक ने कहा, खेल के साथ मानसिक विकास का होना बहुत जरूरी है। योग आज के जीवन शैली का एक अभिन्न अंग बन गया है। विद्यार्थी जीवन में हमें खेल प्रतियोगिताओं में भी सहभागिता करनी चाहिए, जिससे हमारा सर्वांगीण विकास होता है। खेल से सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है। प्राचार्य डॉ.पीके सिंह ने महाविद्यालय की खेल गतिविधियों के अचीवमेंट के बारे में बताया। उन्होंने कहा, महाविद्यालय के इतिहास में पहली बार बालिका वर्ग में संभाग स्तर पर बैडमिंटन में विजेता बनी है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में पुष्पराज सिंह, संदीप द्विवेदी, रोहित मिश्रा, पंकज पांडेय, शुभम जायसवाल, अमन पाठक, सुधीर शुक्ला के साथ ही महाविद्यालय परिवार के प्रोफेसर आरबी सिंह, प्रोफेसर प्रभाकर सिंह, प्रोफेसर केएस नेताम, एके त्रिपाठी, आरएन स्वर्णकार, अरुणा ठाकुर एवं क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र नाथ सिंह उपस्थित रहे।