12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी

नगर पालिका के गैराज में तीन गौवंशो की मौत, जमकर हुआ हंगामा

शहर मेे विचरण करने वाले आवारा गौवंशों को पकडक़र ट्रैक्टर ट्राली में लोड करने के बाद गैराज में किया गया था खड़ा, ट्राली पलटने से हुआ हादसा

Google source verification

सीधी। शहर के विकास भवन के पीछे स्थित नगर पालिका के वाहन गैराज में तीन गौ वंशों की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। गौ रक्षक सेवा दल, विश्व हिंदू परिषद एवं शिवसेना के पदाधिकारियों द्वारा सुबह करीब 8 बजे से 10 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया गया। उनका आरोप था कि नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा शहर के बाजार क्षेत्र में विचरण करने वाले गौ वंशों को पकडक़र उनके साथ क्रूरता करते हुए हत्या कर दी गई है। इसकी जांच कर आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज करने के साथ ही उन्हें निलंबित किया जाए। मौके पर नगर पालिका अधिकारी सहित अमला, राजस्व अधिकारी व पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर समझाइस देने का प्रयास किया, लेकिन संगठनों के पदाधिकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। निलंबन एवं अपराध दर्ज करने के साथ ही मृत गौ वंशों को पीएम के लिए ले जाने के बाद हंगामा शांत हुआ।

बताया गया कि प्रदेश के सरकार के निर्देश पर आवारा गौ वंशों को पकडक़र उन्हें सुरक्षित गौ शालाओं में पहुंचवाने का अभियान जिला स्तर पर भी जारी है। इसी अभियान के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी नपा सीधी द्वारा एक टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा सोमवार की शाम शहर में अभियान के तहत गौ वंशों को पकड़ा गया था। पकड़े गए गौ वंशों को शहर के मानस भवन परिसर में कैद किया गया था। नपा कर्मियों के अनुसार पकड़े गए गौ वंशों में से करीब आधा दर्जन गौ वंशों को ट्रैक्टर ट्राली में लोडकर डेम्हा गौ शाला में ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उसे पशु पालकों द्वारा घेराबंदी कर रोक दिया गया। जिसके बाद ट्रैक्टर ट्राली में लोड गौ वंशों को विकास भवन के पीछे स्थित नपा के वाहन गैराज में रख दिया गया। जहां ट्राली पलटने से आधा दर्जन गौ वंशों की मौत हो गई, जबकि तीन गौ वंश घायल हो गए।

क्रूरता का लगाया आरोप-
नपा के वाहन गैराज में गौ वंशों के मौत की जानकारी मिलने के बाद गौ रक्षक सेवा दल के केशव मिश्रा, एड.उदयकमल मिश्रा सहित अन्य व विहिप के जिलाध्यक्ष गणेश सिंह, शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता वाहन गैराज पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। मामले में संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप था कि पकड़े गए गौ वंशों के साथ क्रूरता करते हुए हत्या की गई है, इसलिए मृत गौ वंशों का पीएम कराया जाए और नपा के संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करते हुए उनके विरूद्ध पुलिस में अपराध दर्ज किया जाए।

नपा के चार अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, दर्ज हुआ अपराध-
इस पूरे मामले में प्रथम दृष्ट्या लापरवाही पाए जाने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नपा सीधी मिनी अग्रवाल द्वारा नोडल अधिकारी मंगलेश्वर सिंह, ज्वाला प्रसाद पटवा, अनिल सिंह, शांति निकेतन पांडेय, अरूण सिंह, स्थाईकर्मी रामचरण एवं सफाई संरक्षक राजेंद्र भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं गौ रक्षक सेवा दल के केशव मिश्रा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस द्वारा मंगलेश्वर सिंह, ज्वाला पटवा अरूण सिंह एवं अन्य के विरूद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ ही पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

वर्जन-
नपा के वाहन गैराज में गौ वंशों की मौत के मामले में प्रथम दृष्ट्या लापरवाही पर अभियान के नोडल अधिकारी मंगलेश्वर सिंह सहित 6 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
मिनी अग्रवाल, सीएमओ नपा सीधी

नपा के गैराज में तीन गौ वंशों की मौत के मामले में गौ रक्षक सेवा दल के केशव मिश्रा की शिकायत पर तीन नामजद व अन्य के विरूद्ध प्रथम दृष्ट्या अपराध दर्ज कर लिया गया है। मृत गौ वंशों का पीएम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक उपाध्याय, नगर निरीक्षक सिटी कोतवाली