स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी रैली में तिरंगा लेकर बच्चों के साथ चले
सिंगरौली. स्वतंत्रता दिवस उत्सव का शनिवार को तिरंगा यात्रा के साथ आगाज हो गया। हर घर तिरंगा फहराने का संदेश लेकर रैली निकाली गई। रैली में स्कूलों बच्चों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल हुए। राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला व पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता ने सामूहिक रूप से हरीझंडी दिखा कर तिरंगा यात्रा के तहत आयोजित रैली को न केवल रवाना किया। बल्कि उसमें खुद भी शामिल हुए।
रैली स्टेडियम से प्रारंभ होकर तुलसी मार्ग, अंबेडकर चौक व थाना रोड होते हुए वापस स्टेडियम पहुंची। इस दौरान स्कूली बच्चों की ओर से लगाए गए देशभक्ति पर आधारित गीतों व नारों से शहर गूंजता रहा। रैली की वापसी के बाद छात्र-छात्राओं सहित अन्य जनमानस को विधायक ने संबोधित करते हुए हर घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया और शपथ दिलाई।
रैली में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, नगर निगम आयुक्त डीके शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह, डीपीसी आरएल शुक्ला, नगर निगम के उपायुक्त आरपी बैस, लोक सेवा प्रबंधक रमेश पटेल, अभय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।