
सिंगरौली. मोरवा थाना क्षेत्र के खनहना से चोरी ट्रक को पुलिस ने बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि बीते दो जुलाई को दुल्लापाथर निवासी फरियादी जितेंद्र मौर्य ने मोरवा थाने में तहरीर दर्ज कराई कि खनहना में उसके चालक ने ट्रक क्रमांक एचआर 55 एसी 3386 रोड के किनारे खड़ा कर खाना खाने चला गया था। वापस आकर देखा तो ट्रक गायब था।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिहार का रहने वाला है। जिसकी तलाश में पुलिस टीम बिहार भेजी गई। वहीं तफ्तीश के दौरान पता चला कि ट्रक को हाथीनाला के पास देखा गया है। जिस पर तत्काल टीम रवाना कर आरोपी को ट्रक के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी अखिलेश उराव उर्फ भीम पिता राजेश उराव निवासी रोहतक बिहार हालपताखनहना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में उसने अन्य लोगों के साथ चोरी करना बताया है। जिसकी तलाश जारी है।