सिरोही@पत्रिका. आगामी पंचायतीराज चुनावों में अवैध मादक पदार्थों की मांग व खपत बढ़ने की आशंका को लेकर जोधपुर रेंज की स्पेशल टीम की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सिरोही जिले के पिंडवाड़ा में हाईवे संख्या 27 पर मोरस टोल के पास गुरुवार रात को तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।जोधपुर रेंज स्पेशल टीम व पिंडवाड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर नाकाबंदी के दौरान अवैध डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ा। पुलिस ने ट्रक से 19 क्विंटल 14 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.87 करोड़ रुपए बताई जा रही है। डोडा पोस्त एमपी मंदसौर से बाड़मेर की तरफ ले जाया जा रहा था।
जोधपुर रेंज महानिरीक्षक राजेश मीणा की ओर से चलाए अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में पिण्डवाड़ा थाना प्रभारी हुकुम सिंह व रेंज स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। 14 चक्का ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में डोडा पोस्त मिला। इस मामले में बाकासर सरली बाड़मेर निवासी आरोपी जेठाराम पुत्र बोहराराम जाट को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।