
जयपुर/बूंदी। जिले में मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए अनूठी पहल ‘सयाना काका’ कार्टून सीरीज की शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र शर्मा ने लॉन्च की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वीप कार्यक्रम के तहत एक कार्टून सीरीज का निर्माण कराया है। इसका मुख्य चरित्र सयाना काका है, जो हाड़ौती भाषा में मतदाताओं को जागरूक करने वाले संदेश हर दिन देगा। हर दिन सयाना काका निर्वाचन आयोग के नवीन प्रावधानों एवं मतदाता शिक्षा के लिए हाड़ौती भाषा में अपनी बात कहेगा ताकि आम मतदाता निर्वाचन आयोग की मंशा और मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्था से अवगत हो जाए। और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक बने। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह कार्टून सीरीज मतदान तक जारी रहेगी।