Monsoon2025 26 से 29 जून तक राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर और जोधपुर संभाग में 26 से 29 जून के बीच बारिश की गतिविधियों में बढोत्तरी होने की भी पूरी संभावना है। IMD के अनुसार बीते 24 घंटों में राजस्थान में सर्वाधिक बरसात बांसवाड़ा के सल्लोपाट में दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक यहां 190 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कोटा, जयपुर और अजमेर संभाग में भी कहीं- कहीं भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। राज्य के पूर्वी भाग में 1 सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने और कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा जयपुर में 77 एमएम से अधिक, कोटा में 48 एमएम से अधिक, चित्तौड़गढ़ में करीब 39 एमएम बारिश बीते 24 घंटों में दर्ज की गई है। अब मौसम विभाग ने गुरुवार को 11 जिलों में अति भारी बारिश और 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद और उदयपुर में कहीं कहीं अति भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
Monsoon 2025