12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खास खबर

No video available

दो युवक टंकी पर चढ़े: साढ़े चार घंटे बाद आश्वासन पर उतरे, गिरफ्तार

चौमूं. हाडौता ग्राम पंचायत में गौचर भूमि पर अतिक्रमण हटाने, कोरम बैठक की नकल उपलब्ध कराने और टैंडर प्रक्रिया की जांच करवाए जाने की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर 12 बजे दो युवक हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पेयजल टंकी पर चढ़ गए। टंकी पर पेट्रोल की बोतल लेकर चढऩे की सूचना से […]

Google source verification

बगरू

image

Kailash Barala

Sep 05, 2024

चौमूं.

हाडौता ग्राम पंचायत में गौचर भूमि पर अतिक्रमण हटाने, कोरम बैठक की नकल उपलब्ध कराने और टैंडर प्रक्रिया की जांच करवाए जाने की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर 12 बजे दो युवक हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पेयजल टंकी पर चढ़ गए। टंकी पर पेट्रोल की बोतल लेकर चढऩे की सूचना से पुलिस एवं प्रशासन में हडकंप मच गया। मौके पर पहुंची विधायक डॉ. शिखा मील बराला, थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा, एसीपी अशोक चौहान ने घटना की जानकारी ली। मौके पर अग्निशमन अधिकारी जयकुमार जांगिड़ भी संसाधनों के साथ पहुंचे और टंकी के नीचे जाल लगाया। हालांकि तकरीबन साढ़े चार घंटे बाद विकास अधिकारी हर्ष कुमार महावर की ओर से मांगों को लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर युवकों को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने में ले आई और शांतिभंग में गिरफ्तार किया।

दोनों युवकों का आरोप था कि मांगों को लेकर ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को पिछले कई दिन से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इससे परेशान होकर वे टंकी पर चढ़े है। उनका कहना था कि जब तक मांगें नहीं मानी जाएगी। तब तक टंकी से नहीं उतरेंगे। इससे पहले दोनों युवक मांगों को लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय में भी पहुंचे थे। जहां ग्राम विकास अधिकारी और युवकों के बीच कहासुनी हुई। सूचना पर थाने से पुलिस भी पहुंची थी। इसी दौरान मांगों को लेकर दोनों युवक दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंचायत के पास पेयजल टंकी पर चढ़ गए। देखते ही देखते काफी संख्या में भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों एवं सरपंच केशरी देवी ने दोनों युवकों को टंकी से उतरने को लेकर समझाइश का प्रयास किया, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने और मांगों को पूरा करने की बात पर अड़े रहे। बाद में पहुंचे गोविंदगढ़ पंचायत समिति के विकास अधिकारी ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर दोनों युवक तकरीबन 4.15 बजे टंकी से उतरे। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

विधायक ने प्रशासनिक अ​धिकारियों से की वार्ता

मामले को लेकर मौके पर पहुंची विधायक डॉ बराला ने प्रशासनिक अ​धिकारियों से वार्ता की और लोगों की मांगों के संबंध में अवगत कराया। बाद में पहुंचे गोविंदगढ़ पंचायत समिति के विकास अधिकारी ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर दोनों युवक तकरीबन 4.15 बजे टंकी से उतरे। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

टंकी के नीचे लगाया जाल

मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने सुरक्षा के तौर पर टंकी के नीचे जाल लगाया। युवकों के हाथ में पेट्रोल की बोतल होने से एहतियात के तौर पर आग बुझाने के यंत्र भी साथ में रखे। दोपहर करीब 3.30 बजे बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटा तक तेज बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के बीच में भी दोनों युवक टंकी पर डटे रहे।

दोनों युवकों को किया शांतिभंग में गिरफ्तार

टंकी पर उतरने के बाद थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को हिरासत में लिया और गाड़ी से थाने में ले आए। थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि हाडौता निवासी कालूराम व धोलूराम जाट को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

चारे की गाडियां लगाने का आरोप

आरोप था कि गौचर भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। जहां चारे की गाडिय़ां भी खड़ी की जा रही है। इसको लेकर दो दिन पहले भी स्थानीय ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। पिछले कोरम के दौरान हुई कार्रवाई की नकल भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

इनका कहना है—

कोरम की बैठक के दौरान कुछ लोग आए थे। हंगामा मचाने पर थाने से पुलिस भी बुलाई थी। बाहर के घटनाक्रम की मुझे जानकारी नहीं है। पिछले कोरम की प्रतिलिपि मांग रहे थे। जो तैयार भी करवा रखी है। पंचायत स्तर पर टैंडर प्रक्रिया नहीं हुई है। यह प्रक्रिया पंचायत समिति के अधीनस्थ हुई है। अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन को पहले से ही अवगत करवा रखा है।

—आरती शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत हाडौता।

मांग के तहत संबंधित को नकल दिला दी जाएगी। टैंडर एवं अतिक्रमण मामले की जांच करवाई जाकर और एसडीएम से वार्ताकर अतिक्रमण हटाने की उचित कार्रवाई की जाएगी।

—–हर्ष कुमार महावर, विकास अधिकारी, पंसस गोविंदगढ़।