12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RTE Lottery: निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश की लॉटरी निकली, ऐसे देखें वरीयता सूची, जानें आगे की प्रक्रिया

RTE Admission 2026: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जारी की ऑनलाइन लॉटरी, 17 मार्च से स्कूल आवंटन। गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में मौका: आरटीई प्रवेश की ऑनलाइन लॉटरी निकली, अभिभावक 16 मार्च तक बदल सकेंगे विकल्प।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Mar 12, 2026

RTE Admission Rajasthan: जयपुर. शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए गैर सरकारी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश की ऑनलाइन लॉटरी गुरुवार को जारी की गई। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े और राज्यभर के विद्यार्थियों के लिए लॉटरी प्रक्रिया का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि आरटीई व्यवस्था के माध्यम से राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए ऐसे बच्चों को निजी विद्यालयों में भी पढ़ने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें बेहतर शिक्षा और समान शैक्षिक अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने बताया कि आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध तरीके से स्कूलों में प्रवेश मिल सके। शिक्षा मंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए आगे आएं।

कार्यक्रम में राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त अनुपमा जोरवाल तथा निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा सीताराम जाट भी ऑनलाइन जुड़े। शिक्षा संकुल जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (प्रथम) सीमा शर्मा, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (द्वितीय) अशोक कुमार मीणा सहित विभाग के सभी उपायुक्त और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस वर्ष आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए कुल 6 लाख 25 हजार 146 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 3 लाख 29 हजार 165 बालक, 2 लाख 95 हजार 970 बालिकाएं और 11 ट्रांसजेंडर विद्यार्थी शामिल हैं। अभिभावकों को अधिकतम पांच विद्यालयों का चयन करने का विकल्प दिया गया था। इसी कारण कुल मिलाकर 19 लाख 92 हजार 357 ऑनलाइन विकल्प आवेदन प्राप्त हुए हैं।

विभाग के अनुसार ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों का प्राथमिकता क्रम तय किया गया है, जिसके आधार पर आगामी चरणों में विद्यालयों का आवंटन किया जाएगा। इस वर्ष पूर्व प्राथमिक कक्षाओं पीपी-3+, पीपी-4+, पीपी-5+ और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए आवेदन लिए गए थे। आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी से 10 मार्च तक संचालित हुई।

वरियता सूची देखने की प्रक्रिया

अभिभावक विभाग द्वारा जारी वरीयता सूची को राजस्थान प्राइवेट स्कूल पोर्टल www.rajpsp.nic.in पर आवेदन आईडी और मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर देख सकते हैं।

साथ ही अभिभावक 16 मार्च तक विद्यालय चयन क्रम (चॉइस फिलिंग) में बदलाव भी कर सकेंगे।

इसके बाद 17 मार्च को प्रथम चरण का विद्यालय आवंटन किया जाएगा और 17 मार्च से 25 मार्च तक दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके पश्चात 7 अप्रैल को दूसरे चरण का आवंटन होगा, जबकि आवश्यकता पड़ने पर अंतिम चरण में शेष रिक्त सीटों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी।