
श्रीगंगानगर। इलाके में अल सबेरे से शुरू हुई बरसात से एकाएक सदी बढ़ गई। जिला मुख्यालय पर इस बरसात से लोगों की आवााजाही प्रभावित हुई है। वहीं खेतो में रबी फसल के लिए अमृत के रूप में देखा जा रहा है। शनिवार सुबह दस बजे से शुरू हुई बरसात का दौर दोपहर एक बजे तक चला। पहले हल्की बरसात हुई फिर मूसलाधार बरसात से जनजीवन प्रभावित हो गया। चौक चौराहों पर रेहड़ी लगाकर दुकानदारी कर रहे लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। आरयूआइडीपी की ओर से वाटर लाइट के लिए खोदी जा रही सड़कों के कारण लोग दूसरी गलियों से अपने गंतव्य स्थल पर पहुंचने को मजबूर हुए। इस खुदाई प्रभावित इलाके में कीचड़ पसर गया। इधर, नगर परिषद अमले ने मल्टीपरपज स्कूल और गंगासिंह चौक के पास रेलवे अंडर ब्रिज से पानी निकासी के लिए प्रयास शुरू किए। उधर, ग्रामीण क्षेत्र में बरसात खासतौर पर गेहूं की फसलों के लिए यह रामबाण साबित हुई। ग्रामीण अनिल कुमार का कहना था कि सिंचाई पानी की जरूरत गेहूं की फसल की जरूरी थी, ऐसे में हल्की बरसात ने राहत दी है।