उदयपुर जिले के खेरवाड़ा उपखंड के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 927-ए पर उपला थूरिया में गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार व्याख्याता की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
थानाधिकारी सकाराम ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरवाड़ा में पदस्थापित वाणिज्य के व्याख्याता बावलवाड़ा ग्राम पंचायत के रेल निवासी अमृतलाल अहारी (57) सुबह घर से खेरवाड़ा स्कूल जाने के लिए बाइक से निकले थे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 927-ए उपला थूरिया में सुबह करीब ७.१५ बजे बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सवार अहारी के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई । थानाधिकारी सकाराम के अनुसार मृतक के पुत्र सुमित अहारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्जकर दुर्घटनास्थल से कुछ दूरी पर से अज्ञात वाहन को जब्त कर लिया।
क्षेत्र व स्कूल में शोक की लहर
अमृतलाल अहारी के निधन की सूचना मिलने पर मृतका के परिजनों, ग्रामीणों, स्कूल के शिक्षकों व छात्रों में शोक की लहर छा गई। स्कूल प्रधानाचार्या कमला परमार ने शोक व्यक्त किया है। साथी शिक्षकों की आंखों में आंसू थे। व्याख्याता मिलनसार होने से क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना रहा।
आये दिन होते हैं हादसे
नेशनल हाइवे नम्बर 927 ए पर उपला थूरिया से झोपड़ी बस स्टैंड तक आए दिन हादसे होते रहते है। 30 दिसम्बर को उक्त घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर दुर्घटना में एक गांव के 3 युवकों की एक साथ मौत हो गई। इससे पूर्व भी लगभग एक किलोमीटर की परिधि में कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। उक्त मार्ग नेशनल हाइवे स्वीकृत होने के बाद कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ है जिससे मार्ग संकड़ा होने से आए दिन हादसे होते हैं।
नर्सिंगकर्मी को ट्रोले ने कुचला
उदयपुर. सवीना थानान्तर्गत उदयपुर- अहमदाबाद हाइवे पर गीतांजलि मेडिकल कॉलेज के निकट गुरुवार को तेज रफ्तार से आए ट्रोले की टक्कर से नर्सिंगकर्मी की मौत हो गई। वह घर से ड्यूटी पर हॉस्पिटल जा रहा था तभी तेज हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक पुष्कर चौधरी गीतांजलि मेडिकल कॉलेज का नर्सिंगकर्मी था। वह सुबह 9 बजे घर से हॉस्पिटल जाने के लिए निकला था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास रास्ते में वो हादसे का शिकार हो गया। हादसा हॉस्पिटल से महज 50 मीटर पहले हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नर्सिंगकर्मी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फि लहाल शव मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मृत व्यक्ति के परिजनों को घटना की सूचना दी।