उज्जैन.
कई अटकलों के बीच लोकसभा चुनाव का टिकट मिलने के बाद सांसद अनिल फिरोजिया शुक्रवार को शहर लौटे। परिवार के साथ बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया। फिरोजिया ने इस चुनाव में पिछला रिकार्ड तोडऩे का दावा किया है। वे यह भी बोले कि केंद्रीय मंत्रि नितिन गडकरीजी के कहने पर विकास कार्यों के लिए वजन कम किया, यदि वे विकास कार्यों के लिए जान देने का कहते तो वो भी दे देता।
पूजन-अर्चन के बाद फिरोजिया ने महाकाल मंदिर से फ्रीगंज पार्टी कार्यालय तक रैली निकाली। पांच घंटे से अधिक समय तक चली रैली का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने मंच लगाकर स्वागत किया। फिरोजिया के साथ जीप में भाजपा शहर अध्यक्ष विवेक जोशी, ग्रामिण अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला, विधायक अनिल जैन कालूहैड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव भी थे। शाम को पार्टी कार्यालय पर रैली का समापन हुआ जहां कार्यकर्ताओं की सभा आयोजित की गई। सभा में विधायक तेजबहादुसिंह चौहान, घट्टिया विधायक सतीष मालवीय, जितेंद्र पंडï्या, जगदीश पांचाल, ओम जैन, राकेश पंड्या मौजूद थे। संचालन नगर महामंत्री संजय अग्रवाल ने किया।
गांधी जी के बाद मोदीजी की बात पर देश को भरोसा
पार्टी कार्यालय पर हुई सभा में फिरोजिया ने दोबारा टिकट मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार माना। उन्होंने कहा, कोरोना काल में मोदीजी के कहने पर देशवासियों ने ताली बजाई, थाली बजाई। इससे पूर्व महात्मा गांधी थे जिनके कहने पर देशवासियों ने स्वदेशी को अपनाया और अंग्रेजो की नौकरियां छोड़ दी थी। गांधीजी के बाद मोदीजी हैं जिन पर पूरे देश को भरोसा है। मंच से फिरोजियान यह भी बोले कि मैं कार्यकर्ताओं के लिए जिउंगा और जरूरत पड़ी तो उनके लिए मरने को भी तैयार हूं। इससे पूर्व महाकाल दर्शनकर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा, जिस तरह प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को देशवासियों का आशीर्वाद मिल रहा है, प्रचंड बहुमत से जितेंगे। पिछला रिकार्ड टूटेगा। बता दें कि वर्ष २०१९ के लोकसभा चुनाव में फिरोजिया ने ७ लाख ९१ हजार ६६३ (६३.२१ प्रतिशत) वोट मिले थे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी बाबुलाल मालवीय को ४ लाख २६ हजार २६ (३४.०१ प्रतिशत प्राप्त) मत प्राप्त हुए थे। फिरोजिया, ३ लाख ६५ हजार से अधिक मतों से जीते थे।
लोकसभा में भी कांग्रसे पिछड़ी, अब तक प्रत्याशी का नाम तय नहीं
विधानसभा की तरह लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी के नाम की घोषणा में भाजपा से पीछे रह गई है। भाजपा ने उज्जैन-आलोट सिट से वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया को ही दोबारा टिकट दिया है वहीं कांग्रेस ने अब तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। कुछ सप्ताह पूर्व शहर आए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्रसिंह ने इस बार पार्टी द्वारा जल्द प्रत्याशियों की घोषणा की बात कही थी। उन्होंने १० फरवरी तक पीसीसी द्वारा एआइसीसी को प्रस्तावित नामों की सूचि सौंपन का भी कहा था। इसके बावजूद कई सिटों पर कांग्रेस दावेदारों के नामों की घोषणा नहीं कर सकी है। उज्जैन-आलोट सिट पर भी कांग्रेस प्रत्याशी के नाम का इंतजार बना हुआ है। हालांकि तीन दिन में तीसरी सूचि जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
फिर आमने-सामने हो सकते हैं फिरोजिया व परमार
उज्जैन-आलोट सिट के लिए कांग्रेस में तराना विधायक महेश परमार व घट्टिया के पूर्व विधायक रामलाल मालवीय को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। यदि पार्टी विधायक परमार को लोकसभा चुनाव में उतारती है तो एक बार फिर अनिल फिरोजिया और उनके बीच चुनावी मुकाबला होगा। बता दें कि वर्ष २०१८ के विधानसभा चुनाव में भी तराना सीट पर भाजपा से अनिल फिरोजिया और कांग्रेस से महेश परमार के बीच चुनावी मुकाबला हुआ था। इसमें करीब दो हजार वोट से परमार की जीत हुई थी।