
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम से भारत बंद, कांग्रेसियों ने ऐसे किया विरोध
विदिशा। पेट्रोल-डीजल के दामों मे लगातार हो रही मूल्य वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय कॉन्ग्रेस के भारत बंद के आह्वान के तहत आज सोमवार को विदिशा लगभग पूरी तरह बंद रहा। सुबह 5:30 बजे से कांग्रेसी माधवगंज पर एकत्रित हुए और इसके बाद वाहनों से बाजार में घूम-घूम कर खुली दुकानों पर जाकर व्यापारियों को फूल माला पहनाकर और गुलाब के फूल हाथ में देकर हाथ जोड़कर दुकान बंद कराइन। इस दौरान पुलिस बल भी कांग्रेसियों के साथ-साथ चल रहा था।
सुबह 5:30 बजे माधवगंज पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशांक भार्गव, वीरेंद्र पितलिया, अनुज लोधी, रमेश तिवारी मोहर सिंह रघुवंशी, ओम प्रकाश सोनी माधव सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी एकत्रित होने लगे थे। फिर 6 बजे दोपहिया वाहनों से कांग्रेसी अस्पताल मार्ग होते हुए बस स्टैंड पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जहां-जहां दुकान खुली हुई थी उन दुकानों के संचालकों को फूल माला पहनाकर गुलाब के फूल हाथ में देखकर हाथ जोड़कर दुकानें बंद करवाई और नारेबाजी की। बस स्टैंड पहुंचने के बाद कांग्रेसी बाँसकुली, बड़ा बाजार, लोहा बाजार, बजरिया होते हुए रामलीला चौराहा पहुंचे।
इसके बाद मुख्य मार्गो से होते हुए तिलक चौक, निकासा, माधवगंज होते हुए पीतल मिल चौराहा, बंटी नगर चौराहा तक गए। इस दौरान नगर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप खुला होने पर उसे बंद कराया। वही रास्ते में खुली मिली कुछ चाय नाश्ता की दुकानों को भी बंद करवाया गया। इसके बाद वापस पीतल मिल चौराहा, अहमदपुर चौराहा, रामद्वारा, नीमताल फिर बड़ा बाजार होते हुए कांग्रेसी माधवगंज पहुंचे। इसके बाद बरईपुरा के लिए रवाना हुए और इस तरह सुबह से ही वाहनों से पूरे शहर के मुख्य सड़कों और बाजारों में घूम-घूमकर कांग्रेसी दुकानें बंद करवा रहे हैं।
कुछ दुकानदारों ने किया विरोध
इस दौरान कुछ दुकानदारों ने बंद के दौरान अपनी दुकान बंद करने पर विरोध जताया तो कांग्रेसी उन्हें समझाते नजर आए और कहा कि सिर्फ दोपहर तक की बात है इसलिए सहयोग करें। इस दौरान कांग्रेस नेता राजेश यादव दशन सक्सेना शिवराज सिंह आदि मौजूद रहे।
चाय नाश्ता को तरसे लोग
सुबह से ही रेलवे स्टेशन क्षेत्र बस स्टैंड क्षेत्र की चाय नाश्ता की दुकानें बंद होने से यात्री चाय नाश्ता के लिए भटकते नजर आए। वहीं बाजार में भी चाय नाश्ता की दुकान नहीं खुलने से लोग परेशान नजर आए।
पुलिस रही सक्रिय
कांग्रेस के भारत बंद के चलते सुबह से ही शहर के मुख्य मार्गो और बाजार पर जगह-जगह पुलिस तैनात रही। वहीं कांग्रेसी जब दुकानें बंद कराने वाहनों से जा रहे थे तो पुलिस बल भी उनके साथ आगे पीछे चल रहा था। वहीं माधवगंज पर एसडीएम सीपी गोहल, सीएसपी भारत भूषण शर्मा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और प्रशासनिक अमला तैनात नजर आया।
ज्ञापन सौंपकर होगा समापन
कांग्रेसी दोपहर 12:00 बजे प्रशासन को केंद्र सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के भारत बंद का समापन होगा। बंद का आह्वान दोपहर 1:00 बजे तक का किया गया है।
Published on:
10 Sep 2018, 8:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.