
सिरोंज। इस तरह डॉक्टर कक्ष में कुर्सी-टेबिल पड़ी रहतीं हैं खाली।
सिरोंज। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर्स ड्यूटी के दौरान कितनी लापरवाही बरतते हैं इसकी बानगी प्रतिदिन अस्पताल में देखने को मिल जाएगी। यहां दूर-दूर से उपचार करवाने आने वाले मरीज डॉक्टर के नहीं मिलने के कारण घंटों परेशान होते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को देखने को मिला, जब दूर गांव से आए बुजुर्ग मरीज का डॉक्टर अपने कक्ष में नहीं मिलने के कारण उपचार नहीं हो सका, तो उन्होंने प्रबंधन से शिकायत तब कहीं जाकर डॉक्टर अपने कक्ष में पहुंचे और उनका उपचार हो सका।
ग्राम भरवास निवासी शैतान सिंह अहिरवार ने बताया कि वे अपने बुजुर्ग पिता चुन्नीलाल को 108 से शासकीय राजीव गॉधी चिकित्सालय में उपचार कराने के लिए लाए थे। लेकिन एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार करने के बावजूद डॉक्टर कक्ष में नजर नहीं आए। ऐसे में उनके पिता की हालत बिगडऩे लगी, तो उन्होंने इसकी शिकायत प्रबंधन से की, तब कहीं जाकर लंबे इंतजार के बाद डॉक्टर अपने कक्ष में आए और उनके पिता का उपचार हो सका। यही स्थिति यहां आए दर्जनों मरीजों के साथ बनी।
आए दिन की है यह समस्या
अस्पताल में डयूटी से डॉक्टर का नदारद रहने का यह कोई पहला मामला नहीं है। अधिकांशत: देखने को मिलता है कि यहां डॉक्टर डयूटी से नदारद रहते हैं और मरीज अस्पताल में उपचार के लिए परेशान होते है। लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार इस समस्या के निराकरण की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
भाजपा नेता ने जताई नाराजगी
क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ व्यवस्थाओं को लेकर वरिष्ट भाजपा नेता तोषमणी पंथी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में मरीज भगवान भरोसे रहते हंै। डॉक्टर्स को पृथ्वी का भगवान माना जाता है लेकिन इस अस्पताल के डॉक्टर संवेदनहीन हो गए हैं। सरकार कोई भी हो इस गंभीर समस्या के निराकरण की ओर में ध्यान देना चाहिए।
जनप्रतिनिधी भी नहीं दे रहे ध्यान
क्षेत्र कि बदहाल स्वास्थ व्यवस्था किसी से छुपी नहीं है। सब कुछ जानते हुए भी क्षेत्र के जिम्मेदार जनप्रतिनीधियों का मौन रहना समझ से परे है। स्थानीय रहवासी सचिन पटेल ने क्षेत्रिय विधायक से अस्प्ताल कि बदहाल स्वास्थ व्यवस्थाओं की सुधार के लिए ध्यान देने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री के लगे होर्डिंग
अस्पताल के बाहर आज भी पूर्व मुख्यमंत्री के बडे बडे होर्डिगं लगे हुए है। इससे अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही उजागर होती है। प्रबंधन सरकार बदलने के इतने दिनों बाद भी होर्डिंग तक नहीं बदल सका है।
इनका कहना है
सोमवार को डॉक्टर विवेक अग्रवाल की डयूटी थी। वह डयूटी के दौरान कहां थे। हम नोटिस भेजकर जवाब लेंगे। इसके बाद जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी उनके खिलाफ की जाएगी।
- डॉ. राहुल चाउदा, चिकित्सालय प्रभारी, सिरोंज
सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। साथ ही क्षेत्र के जिम्मेदार जनप्रतिनीधियों को बदहाल स्वास्था व्यवस्थाओं पर चुप्पी तोडऩी चाहिए। उन्हें अस्पताल पहुचंकर क्षेत्र के मरीजों की पीड़ा को देखना चाहिए।
- तोषमणी पंथी, भाजपा नेता, सिरोंज
Published on:
25 May 2020 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allविदिशा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
