
4,000 year old palace discovered in China
शोधकर्ता अक्सर ही पुरानी चीज़ों की खोज में लगे रहते हैं। और समय-समय पर उन्हें ऐसा करने में सफलता भी मिलती है। हाल ही में शोधकर्ताओं को चीन में इसी तरह की एक खोज करने में सफलता मिली है। चीन के हेनान प्रांत में शिनमी के पुरातात्त्विक स्थल की खुदाई के बाद शोधकर्ताओं को यह कामयाबी मिली है। उन्हें एक 4 हज़ार साल पुराना विशाल महल मिला है।
17 हेक्टेयर में फैला है पुरा-अवशेषों से भरा इलाका
चीन के हेनान प्रांत में 4,000 साल पुराने विशाल महल के बारे में शोधकर्ताओं का कहना है कि यह संभवत: शिया राजवंश (2070-1600 ईसा पूर्व) के दौरान बनाया गया था। यह शिनमी के पुरातात्त्विक स्थल पर मिला है। प्राचीन शहर शिनमी चारों ओर से दीवारों से घिरा है। अवशेषों से भरा यह पूरा इलाका 17 हेक्टेयर में फैला हुआ है।
कुछ साल पहले मिले थे अवशेष
पुरातत्त्वविदों ने कुछ साल पहले चीन की झेंशुई नदी के पूर्वी किनारे पर इस प्राचीन शहर के अवशेष ढूंढे थे। उसके बाद उन्होंने अपनी खोज जारी रखी और अब उन्हीं कामयाबी मिली है। शोधकर्ताओं को झोउकोऊ के एक मंदिर में राख के गड्ढों, खाइयों और अन्य वस्तुओं के अवशेष मिले थे। सबसे महत्त्वपूर्ण खोज मिट्टी के स्तंभों और मिट्टी की दीवारों से बने दो गोलाकार भवनों के अवशेष थे। इनका उपयोग संभवत: अनाज के भंडारण के लिए किया जाता था। पुरातत्त्वविद फांग लिक्सिया ने बताया कि ये खोज इलाके की प्राचीन कृषि प्रथाओं पर प्रकाश डालेंगी।
प्राचीन लोंगशान संस्कृति से जुड़ाव
अच्छी तरह से संरक्षित यह शहर प्राचीन लोंगशान संस्कृति से जुड़ा था। यह चीन की प्राचीन सभ्यता थी, जो हेनान प्रांत और उसके आसपास के इलाकों में फैली थी। ढूंढे गए महल के अवशेषों में नींव का ढांचा शामिल है। यह मिट्टी, चाक या चूने जैसी कच्ची सामग्री को दबाकर बनाया गया। महल के अवशेष करीब 60 मीटर लंबे और 30 मीटर चौड़े हैं। ये 1,800 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में फैले हैं।
महल बीच में ऊंचा और चारों तरफ नीचा
ढूंढा गया महल बीच में ऊंचा और चारों तरफ नीचा है। इसके स्तंभों के छेद समान दूरी पर बने हुए हैं। इन छेदों से संकेत मिलता है कि यह कैसे दिखता होगा। खुदाई दल के प्रमुख ली बो के मुताबिक ये छेद दर्शाते हैं कि महल के दक्षिण और उत्तर में छत, पूर्व और पश्चिम में बरामदे और बीच में आंगन के साथ आवास परिसर रहा होगा। हेनान प्रांत के एक अन्य प्राचीन शहर झोउकोऊ में इससे पहले कई पुरातात्त्विक खोज हुई हैं।
यह भी पढ़ें- Japan Earthquake: जापान में भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 62, खतरा अभी भी बरकरार
Published on:
03 Jan 2024 09:40 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
