
Attack on Israeli Consulate Istanbul (Image: IANS)
Attack on Israeli Consulate Istanbul: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच तुर्की के इस्तांबुल से बड़ी खबर सामने आई है, जहां इजरायल के वाणिज्य दूतावास के पास गोलीबारी की घटना हुई। इस हमले में तीन हमलावर मारे गए, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्तांबुल के बेसिकटास जिले में स्थित इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। तीन हमलावरों ने दूतावास के बाहर तैनात पुलिस पर हमला किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। तुर्की पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों हमलावरों को मौके पर ही मार गिराया।
इजरायल के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, 'आतंक हमें नहीं डरा सकता है।' मंत्रालय ने यह भी कहा कि दुनिया भर में इजरायली मिशन लगातार खतरों और आतंकी हमलों का सामना करते रहे हैं, लेकिन इससे उनके कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
तुर्की के न्याय मंत्री अकन गुरलेक के मुताबिक, गोलीबारी की सूचना मिलते ही इस्तांबुल मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए एक उप मुख्य अभियोजक और दो अभियोजकों को नियुक्त किया गया है, जो मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
तुर्की के गृह मंत्री मुस्तफा चिफ्तची (Mustafa Ciftci) ने बताया कि हमले में शामिल तीनों हमलावरों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वे इजमित से किराए की गाड़ी में इस्तांबुल पहुंचे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, एक हमलावर का संबंध ऐसे संगठन से है जो धर्म का दुरुपयोग करता है, जबकि दो हमलावर भाई बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक का आपराधिक रिकॉर्ड (नशीले पदार्थों से जुड़ा) भी है।
इस्तांबुल के गवर्नर दावुत गुल ने बताया कि जिस इमारत में इजरायली वाणिज्य दूतावास स्थित है, वह पिछले करीब 2.5 वर्षों से सक्रिय रूप से इस्तेमाल में नहीं था। घटना के समय वहां कोई राजनयिक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
इजरायल ने तुर्की सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि अगर समय रहते जवाबी कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब मध्य पूर्व में पहले से ही तनाव बना हुआ है।
Published on:
07 Apr 2026 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
