9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शारजाह से कराची जा रहा बोइंग 737 क्रैश, मलबा बरामद, 5 क्रू मेंबर्स अब भी लापता

पाकिस्तान के कराची तट के पास अरब सागर में क्रैश हुए बोइंग 737 कार्गो विमान का मलबा बरामद कर लिया गया है। शारजाह से कराची जा रहे विमान के पांच क्रू मेंबर्स की तलाश के लिए बचाव अभियान अभी जारी है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Devika Chatraj

Jul 09, 2026

Pakistan

शारजाह से कराची जा रहा बोइंग का मलबा बरामद (Video Screenshot)

Pakistan Boeing 737 Crash: पाकिस्तान के कराची तट के पास अरब सागर में लापता हुए बोइंग 737 कार्गो विमान का मलबा बरामद कर लिया गया है। पाकिस्तान के बचाव दलों ने आज (बुधवार) को विमान के मलबे को समुद्र में खोज निकाला। हालांकि, विमान में सवार पांच क्रू मेंबर्स का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है और उनकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है।

शारजाह से कराची के लिए भर रहा था उड़ान

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, यह कार्गो विमान के2 एयरवेज का था, जो शारजाह से कराची के लिए उड़ान भर रहा था। विमान का मलबा ओरमारा बंदरगाह से करीब 53 समुद्री मील (लगभग 98 किलोमीटर) दक्षिण दिशा में मिला। बचाव अभियान में पाकिस्तान नौसेना और समुद्री सुरक्षा एजेंसी के जवानों के साथ-साथ हवाई और समुद्री निगरानी संसाधनों को भी तैनात किया गया है।

उड़ान के दौरान विमान में आई तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार, करीब 27 साल पुराने इस बोइंग 737 कार्गो विमान ने मंगलवार (7 जुलाई) रात 9:18 बजे शारजाह से कराची के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना मिली थी। इसके करीब तीन मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) का विमान से संपर्क टूट गया। उस समय विमान कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में उड़ रहा था। रडार डेटा में विमान की ऊंचाई में अचानक और असामान्य बदलाव दर्ज किए गए, जिससे हादसे की आशंका जताई गई।

कुछ ही सेकंड में बदली विमान की ऊंचाई

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान एक मिनट से भी कम समय में लगभग 5,000 फीट नीचे आ गया। इसके बाद करीब 30 सेकंड के भीतर विमान लगभग 6,000 फीट ऊपर गया और फिर 36,550 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरने लगा। विमान से मिले आखिरी सिग्नल के मुताबिक, उस समय इसकी ऊंचाई करीब 1,100 फीट थी। विमान के नीचे आने की गति लगभग माइनस 22,400 फीट प्रति मिनट दर्ज की गई, जो करीब 400 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के बराबर बताई जा रही है।

पांच क्रू मेंबर्स की तलाश में जुटी बचाव टीमें

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में पांच क्रू मेंबर्स सवार थे। मलबा मिलने के बाद भी राहत और बचाव अभियान को जारी रखा गया है। पाकिस्तान नौसेना और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां समुद्र में संभावित जीवित बचे लोगों की तलाश कर रही हैं। फिलहाल विमान हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां विमान के तकनीकी रिकॉर्ड, फ्लाइट डेटा और अन्य सबूतों के आधार पर दुर्घटना की वजह का पता लगाने में जुटेंगी।

बड़ी खबरें

View All

विदेश

ट्रेंडिंग