
Bus accident in Mexico
रोड एक्सीडेंट्स (Road Accidents) के बढ़ते मामले काफी चिंताजनक है। रोड सेफ्टी काफी अहम विषय है, लेकिन इसमें चूक होने की वजह से हर साल दुनियाभर में रोड एक्सीडेंट्स के कई मामले देखने को मिलते हैं, जिनमें कई लोग मारे जाते हैं और उससे भी ज़्यादा लोग घायल हो जाते हैं। आए दिन कहीं न कहीं रोड एक्सीडेंट्स होते रहते हैं और अब मैक्सिको (Mexico) में एक बस एक्सीडेंट का मामला सामने आया है।
मेक्सिको के पश्चिमी राज्य नायरित में शुक्रवार को लेबर डे की छुट्टी के दौरान एक दर्दनाक बस एक्सीडेंट हुआ। यात्रियों से भरी एक बस सड़क से फिसलकर पलट गई। यह हादसा अमातलान डे कानास कस्बे के पास हुआ, जो जलिस्को राज्य की सीमा से सटा हुआ है। बस जलिस्को के सैन पेद्रो त्लाकेपाक से नायरित के एक एंटरटेनमेंट सेंटर की ओर जा रही थी।
इस बस एक्सीडेंट में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया और 5 अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान आखिरी सांस ली।
इस बस एक्सीडेंट में 31 लोग घायल हो गए। घायलों को नायरित और जलिस्को के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अभी तक बस एक्सीडेंट की सही वजह का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में तेज रफ्तार, सड़क की खराब स्थिति या ड्राइवर की थकान को संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मैक्सिको में रोड एक्सीडेंट्स सामान्य हैं, क्योंकि कई जगह यातायात नियमों का पालन नहीं किया जाता और न ही रोड सेफ्टी का ध्यान रखा जाता है।
जलिस्को के गवर्नर पाब्लो लेमुस (Pablo Lemus) ने इस हादसे पर शोक जताया है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही आश्वासन दिया है कि पीड़ितों के अंतिम संस्कार और घायलों के इलाज का खर्चा जलिस्को सरकार उठाएगी।
Updated on:
02 May 2026 08:16 am
Published on:
02 May 2026 07:52 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
