
Grandparents Sponsorship Programme
Grandparents Sponsorship Programme: कनाडा 2025 में स्थायी निवास के लिए माता-पिता और दादा-दादी को वीजा के लिए कोई नया आवेदन स्वीकार नहीं करेगा। कनाडा आव्रजन, शरणार्थी और नागरिकता विभाग (आइआरसीसी) ने घोषणा की है कि 2025 के दौरान, विभाग केवल उन आवेदनों पर ही कार्रवाई करेगा जो 2024 में माता-पिता और दादा-दादी प्रायोजन कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत किए गए थे। विभाग का इरादा 2025 में इस तरह के अधिकतम 15,000 प्रायोजन आवेदनों पर कार्रवाई करने का है। हालांकि, कनाडा के जो नागरिक और स्थायी निवासी चाहते हैं कि उनके माता-पिता और दादा-दादी लंबे समय तक उनके साथ कनाडा में रहें, वे अभी भी अपने इन परिजनों को सुपर वीजा कार्यक्रम के तहत प्रायोजित कर सकते हैं, जिससे उनके रिश्तेदार एक बार में पांच साल तक के लिए कनाडा में उनसे मिलने आ सकते हैं।
माता-पिता और दादा-दादी कार्यक्रम (पीजीपी) कनाडाई नागरिकों, स्थायी निवासियों और पंजीकृत भारतीयों को कनाडा में स्थायी निवास के लिए अपने माता-पिता या दादा-दादी को प्रायोजित करने की अनुमति देता है।
पैरेंट एंड ग्रैंडपैरेंट्स स्पॉन्सरशिप प्रोग्राम कनाडा के नागरिकों और स्थायी निवासियों और पंजीकृत भारतीयों को देश में स्थायी निवास के लिए अपने माता-पिता दादा-दादी को स्पॉन्सर करने में सक्षम बनाता है। कार्यक्रम में एप्लीकेशन इन्विटेशन भेजने के लिए लॉटरी सिस्टम का उपयोग किया जाता है, क्योंकि इच्छुक स्पॉन्सर्स की संख्या उपलब्ध पोजिशन से काफी ज्यादा होती है। 2020 से 2024 तक आईआरसीसी ने उन स्पॉन्सर्स को इन्विटेशन जारी किए जिन्होंने 2020 के प्रवेश के दौरान फॉर्म जमा किए थे।
आईआरसीसी ने 2025 के लिए स्थायी निवासी लक्ष्यों में 20 फीसद की कटौती की। इस कटौती में पीजीपी (पैरेंट्स एंड ग्रैंडपैरेंट्स) के तहत लैंडिंग के लिए आवंटन में कमी शामिल थी। 2025 का लक्ष्य पीजीपी के माध्यम से स्पॉन्सर किए गए विदेशी नागरिकों के लिए 24,500 लैंडिंग है। 2023 में प्रकाशित पहले के इमिग्रेशन लेवल प्लान में आईआरसीसी ने 2024 के लिए 32,000 और 2025 के लिए 34,000 का लक्ष्य निर्धारित किया था। बता दें कि प्रत्येक वर्ष के इमिग्रेशन लेवल प्लान में अगले साल स्थायी निवासियों के आगमन के लिए लक्ष्य और अगले दो वर्षों के लिए अस्थायी लक्ष्य निर्धारित किए जाते हैं।
Updated on:
5 Jan 2025, 2:38 PM IST
Published on:
5 Jan 2025, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.