9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चीन की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अब तक 28 लोगों की मौत,छत पर फंसे मजदूरों के VIDEO आए सामने

China Shoe Factory Fire: चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग स्थित हुईतेंग शूज फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। 183 दमकलकर्मियों ने कई घंटे तक राहत अभियान चलाया। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Anurag Animesh

Jul 09, 2026

China news

चीन की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग(फोटो-X/@Predictivemoney)

China Factory Fire News: चीन के पूर्वी फुजियान प्रांत में गुरुवार को एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे के बाद कई घंटे तक राहत और बचाव अभियान चला। आग की लपटों और आसमान में उठते काले धुएं के बीच फैक्ट्री की छत पर फंसे लोग मदद की गुहार लगाते नजर आए। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने घटना पर दुख जताते हुए तेजी से बचाव कार्य और हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग दोपहर करीब 12:04 बजे (स्थानीय समय) फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर के चेंदाई टाउनशिप स्थित जियांगतोउ गांव में कैतुओ रोड ईस्ट पर मौजूद हुईतेंग शूज फैक्ट्री में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार फैल गया।

कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पड़ोसी शहर क्वांझोउ से 183 दमकलकर्मियों और 35 फायर इंजनों को मौके पर भेजा गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचाव अभियान के दौरान फैक्ट्री में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश लगातार जारी रही। चीनी सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों और छत पर फंसे लोग मदद के लिए हाथ हिलाते दिखाई दिए, जबकि नीचे आग की ऊंची लपटें और घना धुआं नजर आया।

आग लगने की वजह की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर कुल कितने कर्मचारी मौजूद थे। चीन के इमरजेंसी मैनेजमेंट मिनिस्ट्री ने राष्ट्रीय अग्निशमन एवं बचाव प्रशासन के साथ संयुक्त टीम जिनजियांग भेजी है, जो राहत कार्यों का ध्यान रखते हुए हादसे की जांच कर रही है।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए सख्त निर्देश

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फैक्ट्री में फंसे लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं और घायलों का तत्काल इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने और हादसे के कारणों की जल्द जांच पूरी करने के निर्देश भी दिए। शी जिनपिंग ने कहा कि जो भी व्यक्ति इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।