
चीन में अजगर की गैरकानूनी ब्रीडिंग कराते हुए शख्स पकड़ा गया (प्रतीकात्मक तस्वीर)
चीन के झेजियांग प्रांत के ताइझोउ शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपने फ्लैट में सैकड़ों पाइथन पाल रहा था। इलाके में अचानक मिले एक विदेशी सांप और एक फ्लैट के असामान्य बिजली बिल के चलते पुलिस को संदेह हुआ और जांच में इस गैरकानूनी ब्रीडिंग रैकेट का खुलास हुआ। जांच के दौरान अधिकारियों ने एक अपार्टमेंट पर छापा मारकर 309 पाइथन बरामद किए। ये सभी सांप प्लास्टिक बॉक्स में बंद थे और पूरे फ्लैट में ढेरों की तरह रखे गए थे। इस सांपों को पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।
पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब एक स्थानीय बुजुर्ग निवासी को पहाड़ी इलाके के पास एक बड़ा विदेशी सांप दिखाई दिया। चूंकि पाइथन उस क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाते और चीन में संरक्षित प्रजाति माने जाते हैं, इसलिए पुलिस ने तुरंत अवैध ब्रीडिंग नेटवर्क की आशंका जताई। एक रेप्टाइल विशेषज्ञ ने अधिकारियों को बताया कि पाइथन को जीवित रखने के लिए लगातार गर्म और नम वातावरण चाहिए होता है। इसके लिए एयर हीटिंग और ह्यूमिडिटी सिस्टम लगातार चलते हैं, जिससे बिजली की खपत बहुत बढ़ जाती है। इसी आधार पर पुलिस ने इलाके के बिजली बिलों की जांच शुरू की और गुओ नामक व्यक्ति तक पहुंच गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी गुओ बेरोजगार और अविवाहित था। उसने अपने फ्लैट का अधिकांश हिस्सा सांपों के लिए इस्तेमाल कर रखा था। फ्लैट के केवल एक कमरे में वह अपना निजी सामान रखता था, जबकि बाकी दो बेडरूम और लिविंग रूम में पाइथन रखे गए थे। पुलिस के अनुसार, गुओ और उसके एक साथी ने वर्ष 2014 में चार पाइथन खरीदे थे और बाद में उनकी संख्या सैकड़ों तक पहुंचा दी। आरोपी पर इन सांपों को ऑनलाइन बेचने का भी आरोप है। पूछताछ में गुओ ने खुद को क्रीचर क्रिएटर बताया और कहा कि उसे अलग-अलग रंगों के पाइथन तैयार करना पसंद था।
स्थानीय अदालत ने अब गुओ और उसके दो सहयोगियों को जेल की सजा सुनाई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 436 पाइथन जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ युआन बताई गई है। भारतीय मुद्रा में यह रकम कई करोड़ रुपये के बराबर है। चीन के कानून के अनुसार संरक्षित वन्यजीवों की अवैध ब्रीडिंग या बिक्री करने पर पांच साल तक की सजा हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि सभी बरामद सांपों को सुरक्षित रूप से स्थानीय चिडियाघर में भेज दिया गया है। इस घटना के बाद चीन में ऑनलाइन एक्सोटिक एनिमल ट्रेड पर निगरानी और सख्त किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
Published on:
25 Jun 2026 02:48 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
