
अमेरिकी प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो : ANI)
Donald Trump on Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक और सख्त बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि हम हर हाल में जीतेंगे। हमारे पास दो ही रास्ते हैं या तो ईरान के साथ समझौता होगा या फिर हम इस काम को पूरा खत्म कर देंगे।
ट्रंप ने आगे कहा कि वह जंग के बजाय समझौता करना ज्यादा पसंद करेंगे। वह नहीं चाहते कि अमेरिकी कार्रवाई से ईरान के 9.1 करोड़ लोगों को कोई नुकसान पहुंचे। ट्रंप ने खुली धमकी भी दी कि अमेरिका चाहे तो सिर्फ एक घंटे के भीतर ईरान के सभी पुलों को तबाह कर सकता है।
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा, 'या तो हम समझौता करेंगे या फिर काम पूरा करेंगे। यह काम पूरा करना मुश्किल नहीं होगा।' ट्रंप ने दावा किया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका बहुत कम समय में ईरान के बिजली उत्पादन संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बना सकता है।
सैन्य चेतावनी के बावजूद ट्रंप ने कहा कि वह संघर्ष नहीं, बल्कि समझौता चाहते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सैन्य कार्रवाई का असर आम ईरानी नागरिकों पर पड़ेगा और वह ऐसा नहीं चाहते। उन्होंने कहा, 'समझौता करना पसंद करूंगा क्योंकि मैं 9.1 करोड़ लोगों को प्रभावित नहीं करना चाहता।'
ट्रंप ने दावा किया कि परमाणु बातचीत के दौरान ईरान ने कुछ रियायतें दी हैं, हालांकि अभी अंतिम समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अब ईरान को उन रियायतों पर कायम रहना होगा। साथ ही ट्रंप ने दोहराया कि किसी भी संभावित समझौते के तहत अमेरिका ईरान के उच्च स्तर तक समृद्ध यूरेनियम के भंडार को हटाने की अनुमति चाहता है। हालांकि ईरान पहले ही इस प्रस्ताव को खारिज कर चुका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच समझौता होने की संभावना बनी हुई है, लेकिन अभी अंतिम नतीजे को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।उन्होंने कहा, 'हम शायद समझौते के करीब हैं, लेकिन मैं नहीं जानता। किसी भी स्थिति में जीत हमारी होगी।
अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता फिलहाल ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान रोक दी गई है। दोनों देशों के बीच अंतिम संस्कार संबंधी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बातचीत दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।
Updated on:
06 Jul 2026 09:40 pm
Published on:
06 Jul 2026 09:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
