
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन। (फोटो- The Washington Post)
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को लेकर अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) पिछले कुछ दिनों से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) पर निशाना साध रहे हैं। ट्रंप का दूसरा कार्यकाल शुरू होने के बाद से ही दोनों की इस युद्ध के विषय में कई बार फोन पर बात हुई है। ट्रंप ने दूसरी बार राष्ट्रपति बनने से पहले भी कहा था कि वह राष्ट्रपति बनते ही दोनों देशों के बीच युद्ध रुकवा देंगे। उन्होंने पुतिन से इस युद्ध को खत्म करने के बारे में कई बार कहा है, लेकिन अभी तक ऐसा हुआ नहीं है। ऐसे में अब ट्रंप ने पुतिन को धमकी दे दी है।
ट्रंप ने पुतिन को धमकी दी है कि अगर उन्होंने 50 दिन में यूक्रेन के खिलाफ युद्ध खत्म नहीं किया और शांति समझौते पर सहमति नहीं जताई, तो अमेरिका की तरफ से रूस पर भारी-भरकम टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अगर पुतिन ने उनकी बात नहीं मानी, तो रूस पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा और वो इससे बच नहीं पाएगा।
रूस-यूक्रेन युद्ध के जारी रहने और रूस की तरफ से यूक्रेन पर लगातार हमले करने की वजह से ट्रंप, पुतिन से खुश नहीं हैं। ट्रंप ने कहा, "पुतिन ने कई लोगों को मूर्ख बनाया है, लेकिन वह मेरे साथ ऐसा नहीं कर सकते। अगर रूस इसी तरह यूक्रेन के खिलाफ अपने हमले जारी रखता है, तो अमेरिका की सख्त कार्रवाई से बच नहीं पाएगा।"
कुछ समय पहले ही अमेरिका ने यूक्रेन को भेजे जाने वाले हथियारों की सप्लाई पर रोक लगा दी थी, लेकिन फिर उस रोक को हटा दिया गया था। अब ट्रंप ने यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम भेजने का भी फैसला लिया है, जिससे रूस के हमलों से यूक्रेन अपना बचाव कर सके। जो बाइडन के कार्यकाल के दौरान भी अमेरिका ने यूक्रेन को कई पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम्स भेजे थे। हालांकि उनमें से ज़्यादातर रूसी हमलों में तबाह हो चुके हैं।
Updated on:
15 Jul 2025 09:38 am
Published on:
15 Jul 2025 09:26 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
