21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Starlink की स्पीड घटते ही यूक्रेन में ड्रोन ऑपरेशंस ठप, एलन मस्क ने खुद दिया था आदेश, रिपोर्ट में खुलासा

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार एलन मस्क ने यूक्रेनी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे स्टारलिंक के मिलिट्री वर्ज़न की कनेक्शन स्पीड सीमित करने का आदेश दिया था। रिपोर्ट में दावा है कि इससे यूक्रेन के हमलावर और रूसी ड्रोन को रोकने वाले मिशन प्रभावित हुए।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Anand Shekhar

•

Oct 21, 2026

elon musk Starlink

अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क (फोटो- ANI)

Starlink Slowdown: रूस के खिलाफ चल रहे युद्ध में यूक्रेनी सेना के ड्रोन ऑपरेशनों में अचानक आई रुकावट को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) ने अमेरिकी अधिकारियों और अन्य सूत्रों के हवाले से बताया है कि स्पेसएक्स के CEO और संस्थापक एलन मस्क ने यूक्रेन में स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क की गति को धीमा करने का आदेश दिया था। इस फैसले के कारण यूक्रेनी सेना की सैटेलाइट नेटवर्क तक पहुंच सीमित हो गई, जिससे उनके कई लड़ाकू ड्रोन हवा में ही बेकार हो गए। इन ड्रोनों का इस्तेमाल रूसी हमलों को रोकने और जवाबी हमले करने के लिए किया जा रहा था।

स्पीड कम होने से ड्रोन मिशन फेल हुए

WSJ की रिपोर्ट के अनुसार, एलन मस्क ने पिछले हफ्ते एक आदेश दिया था, जिसमें यूक्रेनी सेना द्वारा सैटेलाइट नेटवर्क से जुड़ने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले हार्डवेयर की स्पीड को सीमित करने को कहा गया था। इस पाबंदी का सीधा असर ड्रोन के जरिए किए जाने वाले ऑपरेशनों पर पड़ा। यूक्रेनी सैन्य कमांडरों के हवाले से बताया गया है कि यह तकनीकी रुकावट लगभग एक दिन तक रही। इस दौरान, कई ड्रोन मिशन पूरी तरह से विफल हो गए और सेना को अपने कई ड्रोन गंवाने पड़े। चूंकि स्टारलिंक सैटेलाइट कनेक्शन यूक्रेन के रक्षा ढांचे की रीढ़ है, इसलिए स्पीड कम करने के इस फैसले ने कीव की रक्षा क्षमताओं को एक बड़ा झटका दिया है।

ट्रंप और मस्क के बीच बातचीत का भी दावा

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि स्टारलिंक नेटवर्क की स्पीड सीमित करने से पहले एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की थी, जिसमें खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल थे। इतना ही नहीं, जब पिछले हफ्ते यह बदलाव सार्वजनिक हुआ, तो मस्क और ट्रंप ने इस मामले पर और अधिक विस्तार से चर्चा की। हालांकि, सोमवार को जब इस पाबंदी के बारे में पूछा गया, तो राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि स्टारलिंक पर पाबंदियां लगाने का आदेश किसने दिया था, लेकिन उन्होंने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे।

जेलेंस्की ने जताई चिंता

स्टारलिंक की स्पीड कम होने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि स्टारलिंक नेटवर्क की धीमी गति, रूसी हमलों के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं पर बुरा असर डाल रही है। इस शिकायत के बाद व्हाइट हाउस में मामले की अनौपचारिक जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि स्पेसएक्स ने इन रिपोर्टों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, न तो अपने तिमाही वित्तीय नतीजों की घोषणा के समय और न ही निवेशकों के साथ हुई कॉन्फ्रेंस कॉल में।

स्टारशील्ड पर मस्क की दलील

इस पूरे विवाद के बीच एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई देते हुए लिखा था कि स्टारलिंक का मिलिट्री-ग्रेड वर्ज़न यानी 'स्टारशील्ड' सिस्टम पूरी तरह से अमेरिकी सरकार के स्वामित्व और नियंत्रण में है। मस्क ने बताया कि स्टारशील्ड की ऑपरेशनल स्पीड या इसके इस्तेमाल की सीमाओं को तय करने का अंतिम अधिकार अमेरिकी सेना और अमेरिकी राष्ट्रपति (POTUS) के पास होता है।