
NASA Mars Rover: मंगल ग्रह पर जीवन की खोज कर रहे नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने अब तक के सबसे बड़े कार्बनिक यौगिकों के टुकड़े खोजे हैं। यह ऐसे रासायनिक पदार्थ होते हैं, जिनमें कार्बन होता है और ये जीवन के लिए जरूरी माने जाते हैं। यह टुकड़े 3.7 अरब साल पुराने एक चट्टान के नमूने में पाए गए है जो येलोनाइफ खाड़ी में पाया गया था। येलोनाइफ खाड़ी लाल ग्रह पर एक प्राचीन झील का तल था। वैज्ञानिकों के अनुसार इस झील के तल में वे सभी जरूरी तत्त्व मौजूद थे, जो जीवन को पनपने के लिए जरूरी हैं। इनका मिलना इस बात को बल देता है कि अरबों साल पहले लाल ग्रह पर जीवन रहा होगा।
रोवर पर किए गए परीक्षणों से पता चला कि चट्टान में कुछ खास तरह के कार्बनिक अणु थे, जिन्हें लंबी-शृंखला वाले एल्केन्स कहा जाता है। यह फैटी एसिड के अवशेष माने जाते हैं और निर्जीव रासायनिक प्रक्रियाओं से भी बन सकते हैं, लेकिन ये अणु पृथ्वी पर जीवों की कोशिकाओं का महत्वपूर्ण घटक भी है। इसी के आधार पर वैज्ञानिकों का दावा है कि मंगल पर कभी जीवन रहा होगा।
क्यूरियोसिटी रोवर ने 2012 में मंगल मंगल पर उतरने के बाद से गेल क्रेटर में 20 मील (32 किमी) से अधिक की यात्रा की है। मिशन के दौरान इसने प्राचीन मडस्टोन में कार्बनिक पदार्थों के अवशेष खोजे हैं, लेकिन वे सभी अपेक्षाकृत छोटे कार्बन-शृंखला अणु थे।
Updated on:
26 Mar 2025 08:35 am
Published on:
26 Mar 2025 08:35 am
