
Turkey Shooting News(Image-'X'/@Cahit_yarba25)
Turkey Shooting: तुर्की से बुरी खबर सामने आई है। तुर्की के दक्षिणी शहर मर्सिन में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक हथियारबंद हमलावर ने अचानक कई जगहों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने सबसे पहले एक रेस्टोरेंट को निशाना बनाया, जहां मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के अंदर ही दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हमला अचानक से शुरू हो गया। जिसके बाद लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला।
तुर्की की न्यूज एजेंसियों के हवाले से सामने आई जानकारी में कहा गया है कि बाकी दो लोगों की हत्या अलग-अलग जगहों पर की गई। यानी हमलावर एक ही जगह नहीं रुका, बल्कि कई इलाकों में घूमकर वारदात को अंजाम देता रहा। घटना के बाद आरोपी कार में बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने पूरे इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस हमलावर की तलाश में हैं।
फायरिंग में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से घायलों की हालत को लेकर ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की गई है। पुलिस और मेडिकल टीमें लगातार अलग-अलग घटनास्थलों पर जांच में जुटी हुई हैं। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमलावर ने लोगों को किसी खास वजह से निशाना बनाया था या फिर हमला अचानक किया गया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
Updated on:
18 May 2026 10:02 pm
Published on:
18 May 2026 10:00 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
