
विदेश मंत्री एस.जयशंकर (फोटो-IANS)
Qatar explosion: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए भीषण फैक्टरी धमाके में मरने वालों की संख्या 13 पहुंच गई। इनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं। कतर के अधिकारियों और दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है। हादसे में 66 लोग घायल हुए हैं और भारतीय दूतावास का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है तथा उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। इस मामले में अब भारतीय विदेश मंत्री का बयान भी आ गया है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट में भारतीय नागरिकों की मौत और घायल होने की खबर बेहद दुखद है। जयशंकर के मुताबिक, भारतीय दूतावास कतर के अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है। जयशंकर ने मृतकों और घायलों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी परिवारों के साथ भारत की संवेदनाएं हैं।
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कतर के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रविवार रात रास लाफान में हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की जान गई है। दूतावास ने यह भी कहा कि वह कतर प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों की मदद कर रहा है और मृतकों के पार्थिव शरीर जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया में जुटा है।दूतावास के मुताबिक, धमाके में घायल लोगों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर है। हालांकि भारतीय मृतकों की पहचान और वे किस राज्य से थे, इस बारे में आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कतर के गृह मंत्रालय और ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संयंत्र में परिचालन के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हुई और 66 अन्य घायल हो गए। कतर के अधिकारियों ने यह भी कहा है कि यह किसी तरह की साजिश या बाहरी हमले का मामला नहीं, बल्कि एक औद्योगिक दुर्घटना थी। घटना की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी कारणों की पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
23 Jun 2026 06:05 am
Published on:
23 Jun 2026 06:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
