
कतर के गैस टर्मिनल में धमाका, भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत (X Photo)
Qatar Gas Terminal Blast: कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण धमाके ने दुनिया के ऊर्जा बाजारों में चिंता बढ़ा दी है। कतर के ऊर्जा मंत्री साद शेरिदा अल-काबी ने सोमवार को बताया कि गैस संयंत्र में हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि 66 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने इसे एक औद्योगिक दुर्घटना बताया और कहा कि इस हादसे का देश के LNG निर्यात पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
यह विस्फोट ऐसे समय हुआ जब कतर ईरान के साथ जारी तनाव और बातचीत के बीच अपने गैस निर्यात टर्मिनल को दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा था। कतर की सरकारी ऊर्जा कंपनी कतर एनर्जी (Qatar Energy) के अनुसार, रविवार रात बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। शुरुआती जानकारी में कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की संख्या जारी की।
कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हादसे में मारे गए लोगों में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, आज मुझे एक ऐसा काम करना पड़ रहा है जिसके बारे में मैंने हमेशा उम्मीद की थी कि ऐसा कभी नहीं होगा, और वह है भारतीय और पाकिस्तानी नागरिकता रखने वाले हमारे 13 लोगों की दुखद मौत की घोषणा करना। उन्होंने बताया कि घायल लोगों का इलाज चल रहा है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।
कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि रास लाफान क्षेत्र की एक फैक्ट्री में तकनीकी कारणों से आंतरिक विस्फोट हुआ। मंत्रालय ने बयान में कहा, 'रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में तकनीकी खराबी के कारण अंदरूनी धमाका हुआ और सिविल डिफेंस की टीमें इस घटना को संभालने में जुट गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि राहत और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।'
रास लाफान दुनिया के सबसे बड़े LNG यानी तरलीकृत प्राकृतिक गैस केंद्रों में से एक है। कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल है और कई देशों को ऊर्जा की आपूर्ति करता है। हादसे के बाद चिंता थी कि वैश्विक गैस सप्लाई प्रभावित हो सकती है, लेकिन कतर ने साफ किया कि निर्यात जारी रहेगा। कतर एनर्जी के सीईओ ने कहा कि इस घटना के बावजूद LNG सप्लाई पर असर नहीं पड़ेगा।
Updated on:
22 Jun 2026 07:47 pm
Published on:
22 Jun 2026 07:47 pm
