
इज़रायल काट्ज़ (File Photo)
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। दोनों देशों के बीच चल रहा सीज़फायर खत्म हो गया है और दोनों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने साफ कर दिया है कि ईरान के साथ शांति समझौता अब खत्म हो गया है और ईरान के साथ डील करना समय की बर्बादी है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव में इज़रायल की भी एंट्री हो गई है। इज़रायली रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ (Israel Katz) ने ईरान को ऐसी चेतावनी दी है जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ सकता है।
हत्ज़ेरिम एयरबेस पर एक सैन्य समारोह के दौरान इज़रायल के रक्षा मंत्री काट्ज़ ने ईरान को खुलेआम चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "अगर ज़रूरत पड़ी, तो ईरान पर और भी ज़्यादा ताकत से हमला करने के लिए हमारी सेना तैयार है। इज़रायली सेना जंग फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है और अलर्ट मोड पर है, जिससे हवाई दबदबा फिर से हासिल किया जा सके और ईरान पर दोबारा हमला करके खतरों को खत्म किया जा सके। ज़रूरत पड़ने पर तीसरी बार भी ईरान पर हमले किए जाएंगे।"
पिछले साल जून में ईरान और इज़रायल के बीच 12 दिन युद्ध चला था। ईरान पर इज़रायल की तरफ से यह पहला युद्ध था। इस साल फरवरी में भी ईरान-अमेरिका इज़रायल युद्ध करीब 40 दिन चला था, जो दूसरा युद्ध था। काट्ज़ का इशारा इस ओर है कि इज़रायली सेना ईरान के खिलाफ तीसरी बार हमले करते हुए युद्ध शुरू करने के लिए तैयार है।
काट्ज़ ने आगे कहा, "हमने साबित कर दिया है कि इज़रायली एयरफोर्स की लंबी पहुंच यमन से लेकर ईरान तक कहीं भी हो सकती है। फिर भी हमें यह भी मानना होगा कि ईरान के खिलाफ यह सैन्य अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है।"
इसी बीच इज़रायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने दो-टूक सुना दी है कि ईरान के खिलाफ युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि उनकी नीति साफ है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे, चाहे कोई समझौता हो या न हो।
Updated on:
09 Jul 2026 11:45 pm
Published on:
09 Jul 2026 11:42 pm
