इज़रायल (Israel) और फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास (Hamas) के बीच 7 अक्टूबर से चल रहा युद्ध अभी भी जारी है। 7 अक्टूबर को हमास ने इज़रायल पर रॉकेट अटैक्स के साथ ही घुसपैठ करते हुए भी हमले किए थे, जिनमें करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 200 से ज़्यादा लोगों को हमास ने बंधक बना लिया था। हमास से बदला लेने के लिए इज़रायली सेना ने गाज़ा (Gaza) और आसपास के फिलिस्तीनी इलाकों पर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी थी। इज़रायली सेना के हमलों में अब 32 हज़ार से ज़्यादा फिलिस्तीनी अपनी जान गंवा चुके हैं। इज़रायली सेना अपनी कार्रवाई के दौरान जगह-जगह पर रेड भी डाल रही है। दो दिन पहले इज़रायली सेना ने गाज़ा के सबसे बड़े अल-शिफा अस्पताल के कॉम्प्लेक्स में मिलिट्री ऑपरेशन शुरू किया था। अब इज़रायली सेना की जानकारी के अनुसार उन्हें अल-शिफा अस्पताल में बड़ी कामयाबी मिली है।