15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Musk vs Trump: एलन मस्क सुलह को तैयार, लेकिन डॉनल्ड ट्रंप सख्त, कहा—मस्क की कंपनियों की होगी समीक्षा

अपनी ओर से विवाद खत्म करने के एक प्रयास के रूप में मस्क ने एक्स पर से वह पोस्ट हटा दिया जिसमें उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाया था कि उनका नाम एपस्टीन फाइल्स (बाल यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज) में है, इसीलिए उन फाइलों को ट्रंप प्रशासन ने अब तक डिक्लासिफाई नहीं किया है।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Jun 08, 2025

Donald Trump and Elon Musk

अरबपति एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो- ANI)

अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और टेक अरबपति एलन मस्क के बीच गुरुवार से शुरू हुए टकराव के बाद अब मस्क की ओर से सुलह के संकेत मिले हैं, पर ट्रंप फिलहाल इसके लिए तैयार नहीं दिख रहे और उन्होंने मस्क की कंपनियों की समीक्षा किए जाने की बात कही है। इस बीच कयास लगने शुरू हो गए हैं कि दोनों में टकराव से सबसे अधिक फायदा बोइंग, जेफ बेजोस, सैम ऑल्टमैन की कंपनियों को होगा। हालांकि अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने जरूर उम्मीद जताई है कि मस्क देर-सबेर फिर से ट्रंप टीम में दिखेंगे।

अपनी ओर से विवाद खत्म करने के एक प्रयास के रूप में मस्क ने एक्स पर से वह पोस्ट हटा दिया जिसमें उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाया था कि उनका नाम एपस्टीन फाइल्स (बाल यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज) में है, इसीलिए उन फाइलों को ट्रंप प्रशासन ने अब तक डिक्लासिफाई नहीं किया है। मस्क ने एक्स पर से अपनी यह पोस्ट तब हटाई है जबकि उनकी कंपनी टेस्ला के शेयरों में करीब 30 फीसदी तक गिरावट दर्ज की जा चुकी थी।

जनवरी से अब तक टेस्ला के बाजार मूल्य में 380 बिलियन डॉलर से अधिक की गिरावट आई है, जिसके बाद टेस्ला 2025 में दुनिया की सबसे अधिक नुकसान उठाने वाली कंपनी बन गई है। इस गिरावट के बाद अब टेस्ला का बाजार पूंजीकरण 29.3% गिरकर $917 बिलियन हो गया है। साल के शुरू में जो टेस्ला कंपनी बाजार पूंजीकरण में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी कंपनी थी, वह अब 10वें स्थान पर आ गई है।

एपस्टीन फाइल में नाम, ट्रंप ने दी प्रतिक्रिया

एपस्टीन फाइल में नाम होने को लेकर ट्रंप की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर एपस्टीन के पूर्व वकील डेविड शोएन द्वारा 2019 में लिखी गई एक पोस्ट साझा की, जिसमें दावा किया गया है उनके मुवक्किल (एपस्टीन) के पास राष्ट्रपति ट्रम्प को नुकसान पहुंचाने वाली कोई जानकारी नहीं थी। इसमें शोएन ने लिखा है कि एपस्टीन की मृत्यु से 9 दिन पहले मुझे उनके वकील के रूप में उनके बचाव का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया था। उन्होंने उससे पहले महीनों तक मेरी सलाह ली। मैं स्पष्ट रूप से और निश्चित रूप से कह सकता हूं कि उनके पास राष्ट्रपति ट्रंप को चोट पहुंचाने वाली कोई जानकारी नहीं थी। मैंने उनसे विशेष रूप से इस बारे में पूछा था। वहीं, मस्क से विवाद पर पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, मुझे अब किसी भी चीज से हैरानी नहीं होती। कुछ भी हैरान नहीं करता।

बीच-बचाव में उतरे वेंस, कहा - मस्क की निराशा समझ सकता हूं

मस्क इन विवादों के बीच ट्रंप के बजाए जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनाने का सुझाव दिया है। ऐसे में जेडी वेंस खुलकर ट्रंप के समर्थन में आए हैं और विवाद के लिए मस्क को जिम्मेदार ठहराया है। वेंस ने कहा, राष्ट्रपति पर इस तरह से हमला करना मस्क की बहुत बड़ी गलती है। यह देश के लिए बुरा होगा और मुझे नहीं लगता कि यह एलन के लिए भी अच्छा होगा। वेंस ने कहा, मस्क राजनीति में नए हैं और उन्हें अपनी राजनीतिक भागीदारी के लिए बहुत आलोचना झेलनी पड़ी। इसके लिए उसे बहुत कुछ सहना पड़ा। मुझे यहां उनकी निराशा समझ में आती है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई का केंद्र जो बिग, ब्यूटीफुप बिल है, वह अच्छा है, लेकिन परफेक्ट नहीं है और एलन मस्क जैसे व्यवसायी के लिए यह निराशाजनक हो सकता है।

ट्रंप-मस्क टकराव से इन्हें होगा सबसे अधिक फायदा

जेफ बेजोस और ब्लू ओरिजिन
ट्रम्प-मस्क विवाद को जेफ बेजोस राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपने संबंधों को सुधारने और अपनी एयरोस्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन के लिए ग्रोथ के अवसर के रूप में देख रहे हैं।

बोइंग
मस्क का जाना बोइंग के लिए जीत से कम नहीं है। पिछले बोइंग का स्टारलाइनर स्पेस स्टेशन पर लंबे समय तक अटका रहा और मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने में सफलता मिली थी।

    सैम ऑल्टमैन और ओपनएआई
    मस्क का सैम ऑल्टमैन से विवाद जगजाहिर रहा है। मस्क चैटजीपीटी की प्रतिस्पर्धा में ग्रोक जैसा एआइ टूल ला चुके हैं। लेकिन अब मस्क का बाहर होना ऑल्टमैन के लिए जश्न का मौका हो सकता है।

    ट्रम्प का प्रवासी विरोधी मोर्चा
    चुनाव के दौरान मस्क एच1-बी वीजा का खुलकर समर्थन कर चुके हैं, जिसके मस्क के प्रवासी विरोधी समर्थकों को चुप रह जाना पड़ा था। पर अब उनके लिए खुशी का मौका हो सकता है।

    डेमोक्रेटिक पार्टी
    डेमोक्रेट्स के लिए 2025 की शुरुआत बहुत खराब रही है, लेकिन मस्क-ट्रम्प विवाद निस्संदेह उनके लिए अच्छी खबर है।

    रूस ने कहा, मस्क को देंगे राजनीतिक शरण

    ट्रंप और मस्क में जुबानी जंग के बीच रूस से एक चौंकाने वाला बयान सामने आया है। रूसी संसद की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समिति के पहले उपाध्यक्ष दिमित्री नोविकोव ने कहा है कि अगर एलन मस्क चाहें तो रूस उन्हें राजनीतिक शरण देने के लिए तैयार है।