
Floods in Nepal
नेपाल (Nepal) में इस साल बारिश से पहले ही लोगों के हाल बेहाल थे और अचानक से फिर हुई भारी बारिश ने लोगों की परेशानी और भी बढ़ा दी है। इस साल नेपाल में मानसून के पूरे सीज़न में कई जगहों पर काफी ज़्यादा बारिश हुई। इस वजह से देश में कई जगह बाढ़ और लैंडस्लाइड के मामले देखने को मिले, जिससे काफी तबाही मची। शुक्रवार को एक बार फिर नेपाल में अलग-अलग जगहों पर अचानक से भारी बारिश शुरू हो गई, जो शनिवार और रविवार को भी जारी रही। उसके बाद बारिश कुछ हल्की ज़रूर हुई, लेकिन तीन दिन हुई भारी बारिश की वजह से नेपाल में कई जगहों पर एक बार फिर बाढ़ आ गई और लैंडस्लाइड भी हुआ।
अब तक 241 लोगों ने गंवाई जान
नेपाल में भारी बारिश और इस वजह से आई बाढ़ और हुए लैंडस्लाइड के चलते अब तक 241 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। देश के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी दी। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अभी भी 126 लोग घायल और 29 अभी भी लापता
नेपाल में फिर से भारी बारिश शुरू होने के बाद आई बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण घायलों और लापता लोगों की संख्या भी बढ़ गई है। इस वजह से 126 लोग अभी भी घायल हैं और 29 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों को ढूंढने के लिए बचाव टीम लगी हुई है। वहीं कुछ घायलों की मौत हो गई।
4,331 लोगों को बचाया
नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली ने देश में आई इस आपदा पर शोक जताया। साथ ही यह भी बताया कि बचाव टीम ने देशभर में बाढ़ से 4,331 लोगों को बचाया।
कई घर हुए तबाह
नेपाल में फिर शुरू हुई मूसलाधार बारिश से कई नदियों में पानी का स्तर बढ़ गया है। ऐसे में कई सड़कों पर पानी भर गया है। बाढ़ और लैंडस्लाइड की वजह से कई घर भी तबाह हो गए हैं। कई सार्वजनिक संपत्तियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बड़ी संख्या में लोगों को अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। इतना ही नहीं, फसलों को भी काफी नुकसान हुआ है और कई मवेशी भी मारे गए हैं।
यह भी पढ़ें- इज़रायल में आतंकियों ने की गोलीबारी, 8 लोगों की हुई मौत
Updated on:
02 Oct 2024 02:12 pm
Published on:
02 Oct 2024 02:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
