
Pakistan police (Photo - IANS)
पाकिस्तान (Pakistan) में तेज़ी से बढ़ रहे आतंकवाद (Terrorism) को रोकने के लिए सेना और पुलिस पूरी तरह से एक्टिव हैं। यूं तो पाकिस्तान में आतंकवाद और आतंकियों को लंबे समय से संरक्षण मिलता आया है, लेकिन पाकिस्तान में आतंकी हमलों के बढ़ते मामलों की वजह से देश में स्थिति काफी गंभीर हो गई है और इसी वजह से अब सेना और पुलिस आतंकियों के खिलाफ अभियान चला रही है। हाल ही में एक बार फिर पाकिस्तानी पुलिस को आतंकियों के खिलाफ कामयाबी मिली है।
पाकिस्तानी पुलिस ने रविवार को बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत के पिशीन (Pishin) जिले में आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया। अफगानिस्तान (Afghanistan) की बॉर्डर के पास स्थित इस जिले में एक रिफ्यूजी कैंप के पास एक इलाके में आतंकियों के होने की खबर पुलिस को मिल गई। ऐसे में पुलिस ने काउंटर टेररिज़्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के साथ मिलकर जॉइंट ऑपरेशन चलाया। आतंकियों के ठिकाने पर पहुंचकर पाकिस्तानी पुलिस और सीटीडी ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में आतंकियों ने भी जमकर गोलीबारी की।
पाकिस्तानी पुलिस के आगे आतंकियों की ज़्यादा देर नहीं चली। पाकिस्तानी पुलिस ने 5 आतंकियों का एनकाउंटर करते हुए उन्हें मौत के घाट उतार दिया। उनमें से एक आतंकी ने तो गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को बम से उड़ा दिया।
पाकिस्तानी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिन आतंकियों का एनकाउंटर किया गया, वो क्षेत्र में पुलिस मुख्यालय और एक कैडेट कॉलेज पर हमले की साजिश कर रहे थे। आतंकियों के ठिकाने से एक वाहन मिला, जिससे भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं।
Updated on:
23 Feb 2026 11:42 am
Published on:
23 Feb 2026 11:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
