
पाकिस्तानी विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार(Photo- ANI)
Iran-Israel War: ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट में नाजुक हालात हैं। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका के बीच सुलह कराने के लिए मध्यस्थता करने की पहल की है। ईरान-अमेरिका के बीच मध्यस्थता को लेकर पाकिस्तान में 29-30 मार्च को बैठक होगी। पाकिस्तान की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सऊदी अरब, तुर्किए और मिस्र के विदेश मंत्री शामिल होंगे। बैठक के दौरान ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध की वजह से पैदा हुए तनाव को कम करने और अन्य कई क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध के मौजूदा हालातों एवं तनाव को कम करने के लिए होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए सऊदी अरब, तुर्किए और मिस्र को बुलावा भेजा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी करके इसकी जानकारी दी है। प्रेस रिलीज में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा- डिप्टी PM और विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार के बुलावे पर सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद, तुर्किए के विदेश मंत्री हकन फिदान और मिस्र के विदेश मंत्री डॉ. बद्र अब्देलती 29 मार्च से 30 मार्च तक इस्लामाबाद आएंगे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने प्रेस रिलीज में बताया कि सऊदी अरब, तुर्किए और मिस्र के विदेश मंत्री बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में कई क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत होगी, जिसमें इलाके में तनाव कम करने की कोशिशें भी शामिल हैं। इसके साथ ही सभी देशों के मंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मिलेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान सऊदी अरब, तुर्किए और मिस्र जैसे भाईचारे वाले देशों के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है। यह दौरा आपसी हितों के कई क्षेत्रों में इन देशों के साथ पाकिस्तान के सहयोग और तालमेल को और मजबूत करने का मौका देगा। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि प्रतिष्ठित नेता क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर व्यापक चर्चा में शामिल होंगे। बैठक शांति और संघर्ष को कम करने को बढ़ावा देने के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित होगा।
पाकिस्तान में सऊदी अरब, तुर्किए और मिस्र के साथ होने वाली बैठक पहले दूसरे स्थान पर होने वाली थी। पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट डॉन के अनुसार, यह बैठक तुर्किए में होने वाली थी। बाद में बैठक इस्लामाबाद में आयोजित करने पर मुहर लग गई। ईरान-अमेरिका की बातचीत की प्रक्रिया में पाकिस्तान की भूमिका बढ़ रही है। इन सबके बीच पाकिस्तानी पीएम ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ एक घंटे तक बात की। यह बातचीत तुर्किए, मिस्र, सऊदी अरब और पाकिस्तान समेत कई क्षेत्रीय ताकतों के विदेश मंत्रियों की मीटिंग से एक दिन पहले हुई है।
Updated on:
28 Mar 2026 05:07 pm
Published on:
28 Mar 2026 05:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
