25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सोने का कछुआ, लग्जरी घड़ी और हीरों का हार: महंगे तोहफों ने दक्षिण कोरिया की पूर्व प्रथम महिला को पहुंचाया जेल

दक्षिण कोरिया की पूर्व प्रथम महिला किम कियोन ही को नौकरी दिलाने के बदले महंगे गिफ्ट लेने के मामले में 7 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। जानिए सोने का कछुआ, लग्जरी घड़ी और हीरों के हार से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल भ्रष्टाचार मामले में कोर्ट ने क्या कहा?
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Jun 26, 2026

South Korea Ex First Lady

जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत रवाना होते दक्षिण कोरिया के तत्कालीन राष्ट्रपति यूं सुक-योल और उनकी पत्नी किम कियोन ही। यह तस्वीर सितंबर 2023 में जकार्ता एयरपोर्ट पर ली गई थी। (फोटो: IANS/Yonhap)

South Korea Ex First Lady: दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने देश की पूर्व प्रथम महिला किम कियोन ही को भ्रष्टाचार और नौकरी के बदले महंगे तोहफे लेने के एक अन्य बड़े मामले में शुक्रवार को 7 साल कैद की सख्त सजा सुनाई है। लाइवस्ट्रीम के जरिए सुनाए गए अदालती फैसले में 53 वर्षीय किम कियोन ही को पद का दुरुपयोग करने और सरकारी नियुक्तियों में फायदा पहुंचाने के बदले बेशकीमती धातुएं और महंगे आभूषण स्वीकार करने का दोषी पाया गया है।

गौर करने वाली बात यह है कि किम कियोन ही शेयर बाजार में हेरफेर और रिश्वतखोरी के एक अलग मामले में पहले से ही 4 साल जेल की सजा काट रही हैं। अब उन्हें एक अन्य मामले में 7 साल की अतिरिक्त जेल की सजा सुनाई गई है।

नौकरियों के बदले लिए कीमती आभूषण और ब्रांडेड घड़ियां

पिछले साल दिसंबर में दर्ज हुए इस अतिरिक्त मामले की जांच में सामने आया कि किम कियोन ही ने साल 2022 में एक कंस्ट्रक्शन टायकून से कुल 10 करोड़ 30 लाख वॉन (लगभग 67,000 डॉलर) के महंगे आभूषण स्वीकार किए थे। इन आभूषणों में दुनिया के बेहद महंगे और नामी ब्रैंड्स शामिल थे, जिनमें 'वैन क्लीफ एंड अर्पेल्स' का एक नेकलेस, 'टिफनी' का ब्रोच और 'ग्राफ' के ईयररिंग्स शामिल थे। इन आलीशान तोहफों के बदले पूर्व प्रथम महिला ने उस कारोबारी के दामाद को एक पद दिलाने का आश्वासन दिया था।

जांच में यह भी सामने आया कि किम कियोन ही ने एक राजनेता से 26.5 लाख वॉन की कीमत वाला सोने का कछुआ उपहार में स्वीकार किया था। इसके अलावा, उन्होंने 'रोबोट डॉग' का कारोबार करने वाले एक उद्यमी से 3.9 करोड़ वॉन कीमत की 'वैशरोन कॉन्स्टेंटिन' कलाई घड़ी भी उपहार के तौर पर स्वीकार की थी।

कोर्ट की तीखी टिप्पणी

अदालत ने इस हाई-प्रोफाइल मामले का फैसला सुनाते हुए पूर्व प्रथम महिला के आचरण पर बेहद तीखी टिप्पणी की। जज ने कहा कि किम कियोन ही ने बिना किसी झिझक के ऐसे कीमती सामान और तोहफे स्वीकार किए, जिन्हें देश का एक आम नागरिक अपनी पूरी जिंदगी में एक बार भी खरीदने के लिए संघर्ष करता है।

इस मामले में 15 मई को हुई अंतिम सुनवाई के दौरान सरकारी अभियोजकों ने किम कियोन ही के लिए साढ़े सात साल की जेल की मांग की थी। अदालत ने उनकी मांग को लगभग स्वीकार करते हुए उन्हें सात साल की जेल की सजा सुनाई।

दूसरी तरफ, किम कियोन ही ने पूरे मुकदमे के दौरान खुद को निर्दोष बताया था। उनकी दलील थी कि उन्होंने तोहफे जरूर स्वीकार किए थे, लेकिन उनके बदले किसी को कोई सरकारी फायदा नहीं पहुंचाया गया था। हालांकि, अदालत ने उनके इन दावों को खारिज कर दिया।

पति भी हैं सलाखों के पीछे, विवादों से रहा है पुराना नाता

अभियोजन पक्ष का आरोप था कि किम कियोन ही ने अपने पति और तत्कालीन राष्ट्रपति यून सुक योल की पत्नी होने के प्रभाव का इस्तेमाल कर पैसे और महंगे उपहार स्वीकार किए। दिलचस्प बात यह है कि उनके पति और पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल खुद भी इस समय जेल में बंद हैं। उन्हें साल 2024 में देश के भीतर मार्शल लॉ लागू करने की असफल कोशिश के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

खुद को पशु प्रेमी बताने वाली और दक्षिण कोरिया में कुत्ते के मांस (डॉग-मीट) के व्यापार पर प्रतिबंध लगाने के अभियान के लिए पहचानी जाने वाली किम कियोन ही अपने पति के पूरे कार्यकाल के दौरान कई बड़े विवादों के केंद्र में रहीं। उनके खिलाफ सामने आए विवादों ने भी तत्कालीन राष्ट्रपति यून सुक योल के कार्यकाल के दौरान लगातार सुर्खियां बटोरीं।