
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र (ANI Photo)
Iran-Oman 60 Day Traffic Plan: ईरान और ओमान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को लेकर बातचीत शुरू की है। यह चर्चा ऐसे समय में हुई है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र अलबुसैदी के बीच हुई इस बातचीत में समुद्री सेवाओं और भविष्य की व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। दोनों देशों ने 60 दिन की ट्रैफिक योजना पर भी बात की है।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि ओमान के विदेश मंत्री के साथ उनकी बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने होर्मुज में भविष्य के प्रशासन और समुद्री सेवाओं को लेकर बातचीत की। अराघची ने लिखा, 'मस्कट में हाल ही में जारी संयुक्त बयान के बाद, के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने इस बात पर फिर से जोर दिया कि ईरान और ओमान होर्मुज में भविष्य के प्रशासन और समुद्री सेवाओं को तय करने' के लिए बातचीत करेंगे। हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं और अपने पड़ोसियों के साथ चर्चा करके ऐसा करेंगे।
इससे पहले अमेरिका और गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) के बीच बहरीन की राजधानी मनामा में हुई बैठक में होर्मुज को फिर से खोलने और वहां से मुक्त आवाजाही को जरूरी बताया गया था। बैठक की अध्यक्षता अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल जायनी ने की। इसमें GCC देशों के विदेश मंत्री और संगठन के महासचिव जसिम अलबुदैवी भी शामिल हुए। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि मंत्रियों ने होर्मुज पर किसी भी तरह के शुल्क, फीस या नियंत्रण की कोशिश को खारिज किया।
ओमान ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के साथ मिलकर होर्मुज में जहाजों की आवाजाही के लिए एक ट्रांजिट कॉरिडोर उपलब्ध कराने की बात कही। ओमान का कहना है कि इसका उद्देश्य बिना किसी ट्रांजिट फीस के समुद्री रास्ते की स्वतंत्रता बनाए रखना है। यह कदम अमेरिका और ईरान के बीच हुई कोशिशों के आधार पर उठाया गया है।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे केवल ईरान द्वारा मंजूर किए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करें। ईरानी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक, IRGC ने कहा कि कुछ अधिकारियों ने तेहरान से बातचीत किए बिना नया समुद्री रास्ता घोषित किया है, जो सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
IRGC ने कहा, कुछ अधिकारियों ने इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान को पहले से कोई सूचना दिए या उनसे तालमेल बिठाए बिना, होर्मुज से होकर गुजरने वाले एक नए शिपिंग रूट की घोषणा की है। प्रस्तावित रूट स्वीकार्य नहीं है और इससे सुरक्षा को गंभीर खतरा है। ईरानी बल ने यह भी कहा कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को ईरानी अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखना होगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
26 Jun 2026 02:24 pm
Published on:
26 Jun 2026 02:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
