
Storm wreaks havoc in America, 20 people died
दुनिया के अलग-अलग देशों में कहर बरपा रहे तूफान ने अब अमेरिका (Storm in USA) में तबाही मचाई हुई है। भीषण तूफान और बारिश से अमेरिका में 20 लोगों की मौत हो गई। इस तूफान का सबसे ज्यादा असर टेक्सास (Texas), अर्कांसस, ओक्लाहोमा और केंटुकी राज्य में पड़ा है। वहीं टेक्सास में भारी तबाही से ज्यादा नुकसान हुआ है। राज्य के कुक काउंटी में तूफान की चपेट में आकर कुछ मकान धराशाई हो गए। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने मीडिया को बताया कि अकेले टेक्सास में 7 लोगों के मारे जाने और 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।
वहीं अर्कांसस (Arkansas) की गवर्नर सारा हुकाबी सैंडर्स ने बताया कि तूफान से 8 लोगों के मारे जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि तूफान के कारण भारी मात्रा में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। कई मकान ढह गए और पेड़ गिर पड़े। उधर केंटुकी में लुइसविले के मेयर क्रेग ग्रीनबर्ग ने शनिवार रात आए तूफान (Storm in USA) के बाद एक शख्स के मारे जाने की पुष्टि की। मर्सर काउंटी आपातकालीन प्रबंधन निदेशक ब्रैड कॉक्स के अनुसार, मर्सर काउंटी, केंटकी में एक और व्यक्ति की मौत हुई है। केंटुकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने भी एक और व्यक्ति के मारे जाने की बात कही। उन्होंने केंटुकी की पांच काउंटियों में आपातकाल की घोषणा की है।
आपातकालीन प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, पूर्वोत्तर ओक्लाहोमा में, मेयस काउंटी में आए बवंडर के कारण दो लोगों की मौत हो गई (Storm in USA) और कई लोग घायल हो गए। इस दौरान कई घर गिर पड़े। इसकी चपेट में आकर लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
2015 के बाद से टेक्सास में इसे सबसे घातक बवंडर बताया जा रहा है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया कि बवंडर की गति 135 मील प्रति घंटे की थी। इसकी चपेट में आकर अनेक वाहन भी उड़ गए। मकानोें को भारी नुकसान हुआ। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने राज्य की चार काउंटियों में आपातकाल की घोषणा कर दी है।
पॉवरआउटेज डॉट यूएस के अनुसार, तूफान और बवंडर के कारण मिसौरी, अर्कांसस और केंटुकी राज्य में बिजली की सप्लाई पर बहुत असर पड़ा है। खंबे गिर गए हैं और तार टूट गए हैं। लगभग चार लाख लोगों को बिना बिजली के गुजारा करना पड़ रहा है। इससे वहां पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई है। लोगों को भारी मुुुुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
माैैैसम विभाग के मुताबिक तूफान पूर्व की ओर बढ़ सकता है और न्यूयॉर्क और अलबामा जैसे राज्यों को प्रभावित कर सकता है। बता दें कि टेक्सास और न्यूयॉ़र्क में बड़ी संख्या में भारतीय भी इस बवंडर का सामना कर रहे हैं। क्योंकि अमेरिका में सबसे ज्यादा भारतीय टेक्सास में रहते हैं। ऐसे में वो भी इस तूफान से दो-चार हो रहे हैं।
Updated on:
28 May 2024 11:50 am
Published on:
28 May 2024 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
