
Diwali in Saudi Arabia
Diwali in Saudi Arabia : दीवाली के मौके पर भारत में हर जगह रौनक है, वहीं विदेशों में भी कई जगहों पर धूमधाम से दिवाली मनाई जाती है, जिसमें सऊदी अरब भी शामिल ( Diwali in Saudi Arabia)है। एक समय था जब सऊदी में दीवाली (Diwali) पर कुछ खास देखने को नहीं मिलता था, लेकिन अब भारत की तरह वहां के भी घर दिवाली के मौके पर रोशन हो जाते हैं। ध्यान रहे कि सऊदी अरब में प्रवासी भारतीयों की खासी तादाद है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, सऊदी अरब ( Saudi Arabia) में 2781 भारतीय मूल के व्यक्ति रहते हैं। वहीं, प्रवासी भारतीयों की संख्या 25,94,947 है। वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 29 और 30 अक्तूबर को सऊदी अरब के दौरे पर हैं। इस दौरान वह दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेंगे और रियाद स्थित लुलु हाइपर मार्केट में दिवाली उत्सव का उद्घाटन करेंगे। भारतीय मूल के लोगों के साथ संवाद भी करेंगे। इसी बहाने जान लेते हैं कि सऊदी अरब में दीवाली किस तरह मनाई जाती है।
सऊदी अरब के रियाध में लुलु सुपर बाजार में ‘लुलु वाली दीवाली‘ उत्सव (cultural celebration)की शुरूआत हुई। इस उत्सव में भारत के प्रकाश पर्व का उत्साह जीवंत हो उठा। इस कार्यक्रम में भारतीय शिष्टमंडल के गणमान्य व्यक्तियों और प्रवासी सदस्यों ने भाग लिया। ये भारत और सऊदी अरब के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों और पारस्परिक सम्मान दर्शाता है।
कार्यक्रम के बाद एक ट्वीट में, गोयल ने कहा कि रियाध में आज से शुरू हुआ ये शानदार उत्सव भारत और सऊदी अरब के बीच गहरे पारस्परिक सम्मान का प्रमाण है। उन्होंने दोनों देशों के बीच स्थायी बंधन का उल्लेख करते हुए सभी के लिए समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की आशा व्यक्त की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
सऊदी अरब में रहने वाली हिंदू आबादी भी भारत की तरह दीवाली पर अपने घरों को रोशन करती है और सऊदी अरब के अन्य लोगों के साथ त्योहार मनाती है। आम तौर पर दीपावली पर लोग परिवार के सदस्यों और दोस्तों को उपहार देते हैं। बड़ी संख्या में लोग अंधकार पर प्रकाश की जीत के रूप में तेल के दीए या मोमबत्तियां जलाते हैं।
सऊदी अरब में रह रही एक प्रवासी भारतीय ( NRI )अक्शा पटेल ने कहा कि दीवाली पर हम अपने घर सजाते हैं। सुबह रंगोली बनाते हैं, मिठाइयां और स्नैक्स तैयार करते हैं और अपने दोस्तों से मिलने जाते हैं। शाम को मैं और मेरे पति मैचिंग कपड़े पहनते हैं। मैं सिल्क की साड़ी और सोने के गहने पहनती हूं। ये सब हम भारत से विशेष तौर पर दीवाली के लिए घर लाते हैं।
उन्होंने बताया कि 40-50 लोग मिलकर दीवाली की पार्टी करते हैं। साथ में भोजन करते हैं, गेम्स खेलते हैं और पारंपरिक रूप से डांडिया करते हैं। यह सब अलसुबह दो बजे तक चलता है। वे कहती हैं कि भारत में हर त्योहार अनूठे तरीके से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत में रह रहे दोस्तों और परिवार के पदचिह्नों पर चलते हुए हम लोग पटाखे नहीं जलाएंगे, ताकि पर्यावरण सुरक्षित रहे।
सऊदी अरब में भारतीय रेस्टोरेंट्स में भी जमकर दीवाली मनाई जाती है। इस मौके पर लजीज खास पकवान बनाए जाते हैं। जेद्दा की एक स्थानीय बेकर में शेफ अब्दुल रियाज ने बताया कि दीवाली पर हम लोग खूब सारी मिठाइयां बनाते हैं। लोग बड़ी संख्या में घर के लिए ऑर्डर देते हैं। इसके अलावा हमारे डाइनिंग हॉल में बड़ी पार्टी होती है।
पिछले नौ सालों से सऊदी अरब में रह रही भारतीय नागरिक अल्फिया मंसूर ने बताया कि वह आश्चर्यचकित हैं कि सऊदी अरब के कानून उन्हें अपने धर्म के अनुसार त्योहार मनाने की खुली छूट देते हैं। दरअसल, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपने 2030 विजन के तहत देश के लोगों को धार्मिक और अन्य त्योहार धूमधाम से मनाने की खुली छूट दी है। इसी के तहत हिन्दुओं (Hindu community) को भी यह छूट मिली है।
सऊदी अरब में रह रहे दूसरे देशों के लोग भी भारतीय त्योहार धूमधाम से मनाते हैं। एक दक्षिण अफ्रीकी नदा मुस्तफा ने बताया कि हम भारतीय त्योहार मनाना पसंद करते हैं। रंगों का त्योहार होली हो या फिर दीयों का त्योहार दिवाली, हम भारतीय कपड़ों में सज कर भारतीय संगीत पर खूब डांस करते हैं।
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास (Indian embassy )हर साल दीवाली का उत्सव बड़े धूमधाम से मनाता है। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति और परंपरा का खास ध्यान रखा जाता है। उच्चायोग में दीयों की रोशनी और रंग-बिरंगे फूलों से सजावट की जाती है, जिससे एक उत्सव का माहौल बनता है। इस साल भी दिवाली समारोह में भारतीय नागरिकों, व्यवसायियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें पारंपरिक नृत्य और संगीत शामिल होते हैं। मिठाइयों का विशेष ध्यान रखा जाता है, और भारतीय व्यंजनों का स्वाद लिया जाता है। दूतावास के अधिकारियों द्वारा भारतीय संस्कृति और एकता का संदेश भी दिया जाता है। यह समारोह भारतीय समुदाय के बीच भाईचारे और एकजुटता को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होता है, जहां लोग एक-दूसरे से मिलते हैं और दिवाली की खुशियों को साझा करते हैं। इस तरह, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास की दिवाली न केवल एक धार्मिक त्योहार है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम और गर्व का प्रतीक है।
Updated on:
30 Oct 2024 08:26 pm
Published on:
30 Oct 2024 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
