
स्विट्जरलैंड बैठक के बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस। (फोटो सोर्स - एक्स/VPPressSec)
US Iran Talks Switzerland: स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच जारी अहम बातचीत के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का एक बयान सुर्खियों में आ गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर की मौजूदगी में दिए गए उनके बयान की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, जेडी वेंस ने कहा कि उनकी जिंदगी में दो लोग बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिनमें एक भारतीय और एक पाकिस्तानी हैं। उन्होंने कहा, "मैं मजाक में कहता हूं कि मेरी जिंदगी में दो बहुत महत्वपूर्ण लोग हैं। एक भारतीय मेरी पत्नी हैं और एक पाकिस्तानी फील्ड मार्शल असीम मुनीर हैं।"
वेंस ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में उन्होंने शायद किसी और से ज्यादा बातचीत असीम मुनीर से की है। वेंस के मुताबिक, मौजूदा कूटनीतिक प्रयासों और बातचीत प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है।
उन्होंने कहा, "हम आज यहां उनकी समझदारी और कूटनीतिक प्रयासों के बिना नहीं पहुंचते। वह एक महान सैन्य नेता हैं लेकिन उन्होंने खुद को एक शानदार राजनयिक के रूप में भी साबित किया है।"
यह बयान उस समय आया जब स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच अहम बातचीत चल रही है। इस बैठक में पाकिस्तान और कतर भी मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। बातचीत के दौरान जेडी वेंस ने पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की और खास तौर पर फील्ड मार्शल असीम मुनीर के योगदान का जिक्र किया।
स्विट्जरलैंड में जारी बातचीत के दौरान ईरान का परमाणु कार्यक्रम अहम मुद्दों में शामिल है। बातचीत शुरू होने से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने बड़ा बयान दिया, उन्होंने कहा है कि उनका देश परमाणु हथियार बनाने का इरादा नहीं रखता और जरूरत पड़ने पर इस बारे में लिखित आश्वासन भी दे सकता है।
हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि ईरान यूरेनियम संवर्धन (यूरेनियम को परमाणु ईंधन के लिए तैयार करने की प्रक्रिया) का अपना अधिकार नहीं छोड़ेगा। यही मुद्दा लंबे समय से ईरान और पश्चिमी देशों के बीच मतभेद की बड़ी वजह बना हुआ है।
Updated on:
21 Jun 2026 08:56 pm
Published on:
21 Jun 2026 08:36 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
