
पाकिस्तानी छात्रों ने गाया भारत का राष्ट्रगान 'जन गण मन'
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में स्थित बच्चा खान विश्वविद्यालय में एक वायरल वीडियो ने तहलका मचा दिया है। विश्वविद्यालय के यूथ फेस्टिवल और एक्सपो के दौरान चार छात्रों ने भारत का राष्ट्रगान 'जन गण मन' गाया, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें रस्टिकेट (निष्कासित) कर दिया। यह घटना 12 से 15 फरवरी 2026 तक चले फेस्टिवल के दौरान हुई, और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिससे पाकिस्तानी सरकार और कट्टरपंथी तत्व भड़क उठे।
घटना की शुरुआत तब हुई जब फार्मेसी थर्ड ईयर के छात्र जिब्रान रियाज ने संगीत आयोजन में सीने पर हाथ रखकर 'जन गण मन' गाना शुरू किया। उनका साथी फार्मेसी फोर्थ ईयर का सैयद रियाज अहमद भी जोश में शामिल हो गया। अन्य छात्रों ने इस पल को वीडियो में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। Megh Updates नाम की आईडी से यह वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, 'पाकिस्तान की बाचा खान यूनिवर्सिटी में एक एक्सपो के दौरान भारतीय राष्ट्रगान जन गण मन गूंज रहा है! बहादुर स्टूडेंट जिबरान रियाज़ के नेतृत्व में – पश्तूनों पर ज़ुल्म का बोझ अब खत्म हो गया है। यह इतिहास बन रहा है! जय हिंद!' वीडियो में छात्र जोश के साथ राष्ट्रगान गाते नजर आ रहे हैं, जो भारत में काफी वायरल हो रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने चार छात्रों—जिब्रान रियाज, सैयद रियाज अहमद, बशीर कान (सेकेंड ईयर) और मुराद खान—पर सख्त कार्रवाई की। आरोप लगाए गए कि उन्होंने देश-विरोधी नारे लगाए, विश्वविद्यालय और हॉस्टल के नियम तोड़े, राष्ट्रगान को ऐसे प्रस्तुत किया जिससे अशांति फैली और राष्ट्रीय एकता भंग हुई। वीडियो वायरल होने के बाद कट्टरपंथियों ने दबाव बनाया, और जिब्रान रियाज से जबरन पाकिस्तानी सेना के पक्ष में बयान भी करवाया गया। छात्रों ने सफाई दी कि यह सिर्फ मनोरंजन के लिए था, और उनके भारत के प्रति कोई सहानुभूति नहीं है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब चरसड्डा में कुछ दिन पहले जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी उमर शेख की जिहादी तकरीर को पुलिस सुरक्षा मिली थी, और जैश के झंडे वाले रोडशो निकले थे। इस विरोधाभास ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। भारत में कई यूजर्स ने छात्रों की हिम्मत की तारीफ की और इसे 'पाकिस्तान में बदलाव की शुरुआत' बताया, जबकि पाकिस्तान में इसे देशद्रोह करार दिया जा रहा है।
Published on:
14 Feb 2026 07:37 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
