
तेहरान में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात करते पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर। (फोटो: आईएएनएस)
West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। लेबनान में सीजफायर को लेकर जारी विवाद के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को जहाजों की आवाजाही के लिए बंद करने का ऐलान किया है। ईरान के शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान ने अमेरिका और इजरायल पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। ईरान का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में हमले जारी रहने और इजरायली सेना के पीछे नहीं हटने के कारण यह कदम उठाया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर मौजूदा हालात जारी रहे तो आगे और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका और इजरायल ने सीजफायर समझौते के तहत किए गए वादों का पालन नहीं किया है। ईरान का आरोप है कि लेबनान में संघर्ष जारी रहने और समझौते के उल्लंघन के कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा।
ईरान ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना उसकी प्रतिक्रिया की शुरुआत है और हालात नहीं सुधरे तो आगे और कार्रवाई की जा सकती है।
शुक्रवार को लेबनानी अधिकारियों ने बताया कि इजरायली हवाई हमलों में 47 लोगों की मौत हो गई। वहीं इजरायल ने अपने चार सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के बाद यह दोनों पक्षों का सबसे बड़ा संयुक्त हताहत आंकड़ा बताया गया।
इस बीच लेबनान की सिविल डिफेंस एजेंसी के अनुसार, शनिवार को दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले में इजरायली हमलों में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हुए।
संघर्ष बढ़ने के बाद इजरायल और हिजबुल्लाह ने शुक्रवार को युद्धविराम पर सहमति जताई। एक अमेरिकी अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। दोनों पक्षों के बीच हुई ताजा हिंसा ने पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के प्रयासों पर दबाव बढ़ा दिया था। हालांकि इससे पहले दक्षिणी लेबनान में इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई के कारण अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित वार्ता भी रद्द करनी पड़ी थी। इस घटनाक्रम ने हाल ही में हुए प्रारंभिक समझौते के भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
पाकिस्तान ने कहा है कि पश्चिम एशिया युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को लागू करने को लेकर तकनीकी स्तर की वार्ता 21 जून को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में होगी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में पाकिस्तानी और कतर के मध्यस्थ भी शामिल होंगे। अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधि समझौते को आगे बढ़ाने के लिए बातचीत करेंगे।
इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के ईरान के फैसले ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है। ऐसे समय में जब अमेरिका और ईरान बातचीत के अगले चरण की तैयारी कर रहे हैं, यह घटनाक्रम पश्चिम एशिया की स्थिति को और जटिल बना सकता है।
Updated on:
20 Jun 2026 08:55 pm
Published on:
20 Jun 2026 08:13 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
