
शोपियां जिले में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद प्रशासन ने बुधवार को कश्मीर घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी हैं। गनोवपुरा गांव में मंगलवार को सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 20 वर्षीय आदिल फारूक मागरे की मौत के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवाएं फिर से बंद कर दिया गया। एक पखवाड़े से बंद मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को चार दिन पहले ही बहाल किया गया था।
सुरक्षा बलों ने गांव के एक घर में दो आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद मंगलवार रात को घर की घेराबंदी कर ली थी। गोलीबारी की आवाजें सुनते ही ग्रामीण घेराबंदी को तोडऩे के लिए अपने घरों से बाहर आकर सुरक्षा बलों पर पथराव करने लगे। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोडने पड़े।
मागरे को शोपियां जिले के जिस अस्पताल में ले जाया गया, वहां के चिकित्सकों ने कहा कि उसकी छाती में गोली लगी थी, जिसके कारण उसने अस्पताल के रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प में 10 अन्य प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
प्रशासन ने छात्रों द्वारा हिंसा भड़काने पर लगाम लगाने के लिए बुधवार को शोपियां जिले में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए। शहर में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्द्घसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है।
Published on:
7 Jun 2017, 11:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.