
actress nagma and rajbabbar
आगरा। निकाय चुनाव में अकेले लड़ने वाली कांग्रेस दूसरी पार्टियों को कितनी टक्कर दे सकेगी। ये चुनाव के बाद ही पता चलेगा। लेकिन, कांग्रेस नगर निगम चुनाव में अपनी ओर से कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। मेयर प्रत्याशी पूरी कोशिश में हैं कि राजबब्बर का जादू एक बार फिर जनता के सिर चढ़ कर बोले और कोई करिश्मा इस बार निकाय चुनाव में कांग्रेस को सीट दिला दें। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और फिल्म अभिनेत्री नगमा को चुनाव प्रचार में उतारने के लिए कोशिश की जा रही हैं।
रोड शो के लिए जुटे कांग्रेसी
प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने आगरा में सपा की टिकट पर सांसद का चुनाव जीता था। लेकिन, इसके बाद फिरोजाबाद में उन्होंने यूपी के सबसे बड़े राजनीतिक घराने की बहू डिंपल यादव को कांग्रेस की टिकट से हराकर सनसनी फैला दी थी। सपा को हार की ये टीस आज भी चुभती होगी। कांग्रेसी कुछ ऐसा ही करिश्मा चाहते हैं इस बार के निकाय चुनाव में। राजबब्बर और नगमा का मैजिक कुछ ऐसा काम कर जाए, कि मेयर के पद से अब तक दूर रही कांग्रेस को सीट मिल जाए। चुनाव में प्रचार के लिए कांग्रेसी राजबब्बर और नगमा के लिए जुगाड़ में लग गए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा का कहना है कि राजबब्बर और नगमा का रोड शो आगरा में हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राजबब्बर का आगरा शहर के साथ गहरा नाता रहा है ऐसे में यदि वे रोड शो करेंगे, तो ऐसा पार्टी के लिए बेहद ही फायदेमंद होगा।
विधानसभा चुनाव में हार के बाद कार्यकर्ता नए जोश में
यूपी विधानसभा चुनाव में देश की सबसे पुरानी पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी कार्यकर्ता अब नए जोश में हैं। नगर निकाय चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर हुए अंदरूनी विद्रोह को पार्टी ने शांत कर दिया है। अब नगर निगम में अपनी खोई हुई साख बचाने के लिए पार्टी नए सिरे से मेहनत कर रही है।
Published on:
16 Nov 2017 11:05 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
