
पेरिस में लव मैरिज, आगरा में लिये मंत्रों के साथ अग्नि के सात फेरे....फ्रेंच कपल की अनूठी शादी
सनातन दर्शन से एक फ्रेंच कपल इस कदर प्रभावित हुआ की उसने फ्रांस से हिंदुस्तान आकार विवाह की रस्म निभाई। फ्रांस से आए एक कपल ने आगरा में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार शादी की, सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाई।भारतीय संस्कृति से प्रभावित इसकेंदर और बसमा ने शादी की रस्मों को पहले इंग्लिश में समझा। इसकेंदर ने मांग भरी, मंगलसूत्र पहनाया। अग्नि कुंड के 7 फेरे लिए। हर फेरे पर पढ़े जाने वाले श्लोक का अर्थ उन्होंने अपनी भाषा में समझा।
इसकेंदर 21 साल के हैं और बसमा 29 साल की। दोनों पेरिस में नौकरी करते हैं। यह शादी आगरा के केसर रेस्टोरेंट में हुई। यहां के संचालक जावेद अली ने बताया, ''इसकेंदर का जयपुर से फोन आया था। वह आगरा में शादी करना चाहते थे। रविवार को ही दोनों आगरा पहुंचे थे।''
विवाह के लिए फ्रेंच कपल ने आगरा को चुना
इसकेंदर और बसमा का कहना था कि भारत संस्कृति को उन्होंने पहले ही पढ़ा था। यहां आने के बाद एक पॉजिटिव एनर्जी महसूस की। ये हमारी इच्छा थी कि भारत में हम दोबारा शादी करें। जब हमने इंटरनेट पर सर्च किया तो समझ आया कि दोबारा शादी के लिए आगरा से अच्छा कोई शहर नहीं हो सकता है।आगरा में ही शाहजहां ने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल बनवाया, जो मोहब्बत की सबसे सुंदर निशानी है। इस शहर में शादी करने से हम अपने रिश्ते को एक नया रंग देंगे।
इसकेंदर ने पहनी शेरवानी तो बसमा ने साड़ी
दोनों ने शादी के लिए पारंपरिक कपड़े पहनने की इच्छा जताई। दोनों को किनारी बाजार से कपड़ों की खरीदारी करवाई गई। बसमा के लिए साड़ी और इसकेंदर के लिए शेरवानी उन्होंने अपनी पसंद से ली। शादी कराने के लिए ताजगंज के पंडित सूरज शर्मा ने दोनों को इंग्लिश में हर रस्म समझाई। हर फेरे पर उनके सवालों के जवाब दिए, उन्हें इंग्लिश में ही हर कसम समझाई। बसमा का कन्यादान जावेद अली ने किया।
अब जायेंगे बाबा विश्वनाथ का आशीष लेने
इसकेंदर और बसमा मंगलवार को दिल्ली जाएंगे। दिल्ली से वाराणसी पहुंचेंगे, जहां बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेंगे। गंगा किनारे की आरती देखेंगे। उसके बाद फ्रांस वापस जाएंगे।
Published on:
26 Dec 2023 09:21 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
