
आगरा में विदेशी पर्यटक महिला की मौत।
जानकारी के अनुसार, फ्रांस से 20 टूरिस्ट फतेहपुर सीकरी घूमने आए थे। इनके साथ आई महिला टूरिस्ट एस्मा (61) अपने पांच दोस्तों के साथ रेलिंग के पास खड़ी होकर फोटो ले रही थी। रेलिंग कमजोर होने के कारण 9 फीट की ऊंचाई से महिला गिर गई। नीचे गिरने से वो बेहोश हो गई। काफी देर तक पानी डालकर होश में लाने का प्रयास किया गया। गंभीर हालत में महिला पर्यटक को आगरा के एसएन इमरजेंसी रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान पर्यटक की मौत हो गई, घटना दोपहर दो बजे की है।
करीब एक घंटे बाद किरावली से एंबुलेंस पहुंची
करीब एक घंटे बाद किरावली से एंबुलेंस आई। इसके बाद उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। हालत गंभीर होने पर रेनबो हॉस्पीटल रेफर कर दिया गया। रेनबो हॉस्पीटल के जीएम राकेश आहूजा ने बताया कि पर्यटक को जब उनके यहां लाया तो उसकी मौत हो चुकी थी। महिला पर्यटक एस्मा (61) के पति ने बताया, 20 लोगों का दल फ्रांस से आगरा घूमने आया था। फतेहपुर सीकरी में दीवान-ए-खास के पास रेलिंग के सहारे फोटो क्लिक कर रहे थे तभी हादसा हो गया।
बताया गया है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा लगवाई गई रेलिंग काफी समय से लूज पड़ी थी। हादसे के बारे में एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद् राज कुमार पटेल ने कहा कि फ्रांसीसी पर्यटकों का एक समूह फ़तेहपुर सीकरी किले के अंदर ख्वाबगाह स्मारक के पास तुर्की सुल्ताना महल में सेल्फी ले रहा था। इसी बीच रेलिंग टूट गई। सभी पर्यटक ख़ुद को संभालने में सफल रहे, लेकिन एक महिला लगभग पांच फीट ऊंचे मंच से पत्थर के फर्श पर गिरकर घायल हो गई। उन्होंने कहा कि हालांकि पर्यटक को कोई रक्तस्राव होता नहीं दिखा लेकिन पर्यटक बेहोश थी, इसलिए संभवत: सिर में चोट लगी थी।
डीएम बोले-एंबुलेंस नहीं मिलने की कराएंगे जांच
राज कुमार पटेल ने कहा कि पर्यटकों का समूह उदयपुर से फतेहपुर सीकरी आया था और यहां आने से पहले भरतपुर में रुका था। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी आगरा को घटना की जानकारी दे दी गई थी और टूर लीडर के साथ समन्वय करने के लिए एक एएसआई अधिकारी को अस्पताल भेजा गया था, लेकिन जब तक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तब तक पर्यटक की मौत हो चुकी थी। डीएम भानु गोस्वामी ने कहा, "विदेश से फतेहपुर सीकरी एक दल घूमने आया था। यहां रेलिंग से एक महिला गिर गईं हैं। इस पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के आदेश दिए हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर फतेहपुर सीकरी में और भी अरेंजमेंट किए जा रहे हैं। एंबुलेंस के देर से पहुंचने जांच कराई जा रही है। हॉस्पिटल पहुंचने पर महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।
आगरा से प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट
Updated on:
21 Sept 2023 11:07 pm
Published on:
21 Sept 2023 06:22 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
