आगरा। अवैध खनन का खेल रुक नहीं रहा है। मामला थाना मंसुखपुरा क्षेत्र के गांव सेहा का है। रात के अंधेरे में जेसीबी और ट्रैक्टर से खनन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मंसुखपुरा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही जेसीबी और ट्रैक्टर चालक वहां से भागने लगे। थानाध्यक्ष मंसुखपुरा ने बताया कि गांव के पूर्व प्रधान का पुत्र अवैध खनन करा रहा था। छापेमार कार्रवाई करने पर पुलिस पर पथराव कर दिया गया। वहीं गांव वालों का कहना है कि पुलिस गलत जगह आ गई और रात्रि में मकान की दीवार तोड़कर जेसीबी मशीन को ले गई। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।