आगरा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 25 जनवरी को फिल्म पद्मावत रिलीज हो गई। लेकिन तमाम शहरों में करणी सेना और क्षत्रिय समाज का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। आगरा समेत मथुरा, एटा , फिरोजाबाद, हाथरस और शाहजहांपुर आदि यूपी के तमाम शहरों में फिल्म को लेकर भारी कड़ा विरोध किया गया। विरोध के चलते सिनेमा मालिक भी दहशत में आ गए हैं। कई जगहों पर सिनेमा मालिकों ने पद्मावत फिल्म को दिखाने से ही इंकार कर दिया तो कई सिनेमाघरों में कड़ी सुरक्षा के बीच फिल्म का प्रसारण किया गया। वहीं बरेली में क्षत्रिय समाज ने फिल्म न देखने का निर्णय किया है।