
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन आगरा के 15 बटालियन पीएसी परेड मैदान में किया गया। कार्यक्रम में यूपी की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित केन्द्र तथा प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा के पास पुरातन पहचान तो हमेशा से रही है, लेकिन अब इसमें आधुनिकता का नया आयाम जुड़ रहा है। ये शहर सैकड़ों वर्षों का इतिहास संजोए हुए है और अब ये 21वीं सदी के साथ भी कदमताल मिलाने के लिए तैयार हो रहा है। आगरा में स्मार्ट सुविधाएं विकसित करने के लिए पहले से ही लगभग 1 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।
1000 किमी मेट्रो लाइन पर चल रहा काम-पीएम
पीएम ने कहा कि पिछले वर्ष जिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का शिलान्यास करने का मौका मुझे मिला था, वह भी अब बनकर तैयार है। 2014 के बाद के छह वर्षों में देश में 450 किमी से अधिक मेट्रो लाइन देशभर में ऑपरेशनल हैं और अभी लगभग 1000 किमी मेट्रो लाइन पर तेजी से काम चल रहा है। आधुनिक सुविधाएं और आधुनिक कनेक्टीविटी मिलने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य और बढ़ रहा है। मेरठ से दिल्ली के बीच देश का पहला रैपिड रेल ट्रांसपोर्ट सिस्टम बन रहा है। वहीं दिल्ली और मेरठ के बीच 14 लेन का एक्सप्रेस-वे भी जल्द इस क्षेत्र के लोगों को सेवा देने लगेगा। देश के इंफ्रा सेक्टर की एक बड़ी दिक्कत हमेशा से ये रही थी कि नई परियोजनाओं की घोषणा तो हो जाती थी, लेकिन उनके लिए पैसा कहां से आएगा, इस पर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता था। अब हमारी सरकार ने नई परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ ही, उसके लिए आवश्यक धनराशि के इंतजाम करने पर भी ध्यान दिया है।
27 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित
गौरतलब है कि आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 8,379.62 करोड़ रुपये है। जिसे 5 वर्षों में पूरा करने का टारगेट रखा गया है। कुल 29.4 किमी दो कॉरिडोर वाले इस मेट्रो प्रोजेक्ट के जरिए आगरा के करीब 26 लाख लोगों और यहां घूसने आने वाले करीब 60 लाख पर्यटकों को खासी सुविधा हो सकेगी। इसमें कुल 27 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। अधिकारियों के मुताबिक मेट्रो कॉरिडोर को इस तरह से प्लान किया गया है ताकि इसके जरिए टूरिस्ट स्पॉट जैसे ताजमहल, आगरा फोर्ट, सिकंदरा को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से जोड़ा जा सके। जिससे इसका लाभ लोगों को अधिक हो सके।
Updated on:
07 Dec 2020 12:59 pm
Published on:
07 Dec 2020 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
