
बरेली। सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रदेश में मंगलवार को जिला और महानगर सम्मेलन का आयोजन किया।इसी क्रम में संजय कम्यूनिटी हॉल में जिले का और आईएमए हॉल में महानगर का सम्मेलन आयोजित किया गया।जिसमें काफी तादात में समाजवादियों ने हिस्सा लिया।सम्मेलन के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और आने वाले समय में होने वाले निकाय चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
आपराध दिनोंदिन बढ़ रहा है
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये सम्मेलन प्रभारी अल्ताफ अंसारी ने कहा कि भाजपा ने चुनाव में झूठ फरेब से सत्ता हासिल कर ली। प्रदेशवासियों पर अब इसका सच ज़ाहिर हो गया है, सत्ता में आये इस दल को अभी पांच माह ही बीते हैं, परन्तु अल्प अवधि में ही जनता का इससे मोह भंग होने लगा है। अपने चुनावी संकल्प पत्र में भाजपा ने जो वायदे किये थे, उनमें से एक भी वायदा उसने पूरा नहीं किया है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी के जरिये जन सामान्य को परेशान करके रख दिया है। भारत की अर्थ व्यवस्था पर इसके खराब असर पड़े हैं। सीमाओं पर तनाव बढ़ रहा है, आतंकवाद और नक्सलवाद भी सर उठाये खड़ा है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था दिन ब दिन बद से बदतर होती जा रही है। हत्या, बालात्कार, लूट और अपहरण की घटनाओं पर कोई नियन्त्रण नहीं रह गया है। अपराधी भयमुक्त हैं, आम नागरिक त्रस्त हैं।अल्ताफ अंसारी ने सभी समाजवादियों से कहा कि वह मिलकर भाजपा की नाकामियों को जनता तक पहुंचायें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी समाजवादी कार्यकर्ता पर प्रशासन या पुलिस ने कोई भी अत्याचार करने का दुस्साहस किया तो पूरे उत्तर प्रदेश में समाजवादी सड़कों पर उतर कर आन्दोलन करेंगे।
समाजवादी संघर्ष के लिए तैयार
सक्रिय सदस्य सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि जितना जन बल समाजवादी पार्टी के पास है, उतना किसी अन्य दल के पास नहीं हैं। समाजवादी कार्यकर्ता हर परिस्थिति से मजबूती से लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज पुलिस का मनोबल गिरा हुआ है। अपराधी उस पर हावी हो गये हैं। दुःख की बात तो यह है कि पुलिस बल का प्रयोग अब विपक्ष को दबाने, फंसाने और उसको प्रताड़ित करने में भी होने लगा है। जनता द्वारा चुने गये जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लाॅक प्रमुखों को हटाकर भाजपा के लोगों को बैठाने के लिए प्रशासन नाच कर रहा है। यह राजनीतिक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना है और जन विश्वास को आहत करना है। प्रदेश के किसान, नौजवान, अल्पसंख्यक और महिलायें सभी बेहाल हैं।
बेकसूरों पर अत्याचार
सभा को सम्बोधित करते हुये भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वायदा किया था, जबकि एक लाख भी नौकरियां नहीं मिलीं। इसके विपरीत राज्य सरकार की लचर पैरवी के कारण एक लाख बहत्तर हज़ार शिक्षा मित्र रोज़ी-रोटी के लिए सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। योगी की पुलिस बेकसूर शिक्षा मित्रों पर लाठी-डण्डें बरसा रही हैं।
अल्पसंख्यक असुरक्षित
इस अवसर पर नवाबगंज के पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति से मैं पूरी तरह अवगत हूं। भाजपा और आरएसएस की सोच के मुताबिक अल्पसंख्यकों के हर हित को अहित में बदलने का कुचक्र हो रहा है। अल्पसंख्यक समाज भाजपा राज अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। किसी भी बात को तुष्टिकरण का नाम देकर भाजपा साम्प्रदायिकता को हवा देने लगती है। विधानसभा चुनावों में भी भाजपा ने यही खेल खेला और मतदाताओं को विभाजित करने में कामयाब हो गये।
महिलाओं के साथ अपराध की वारदात बढ़ीं
फरीदपुर विधानसभा के पूर्व विधायक डाॅ सियाराम सागर ने कहा कि भाजपा शासन में कोई भी सुरक्षित नहीं हैं, यहां तक कि महिलाओं की स्थिति बद से बद्तर होती जा रही है। भाजपा राज में सर्वाधिक पीड़ित और अपमानित महिलायें ही हो रही हैं, बच्चियां तक हवस का शिकार हो रही हैं, महिलाओं के साथ छेड़छाड़, छिनैती, अपहरण और बालात्कार की घटनायें बढ़ती ही जा रही हैं, महिलाओं पर तेजाब फेंकने की वारदातें रूक नहीं रही हैं। पुलिस प्रशासन को उनकी अस्मिता की परवाह ही नहीं हैं।
ये रहे उपस्थित
सम्मेलन को जिला प्रवक्ता हैदर अली, भारती चैहान, साधना मिश्रा, हरि शंकर यादव, शिव चरन कश्यप, योगेश तिवारी समेत तमाम नेताओं ने भी सम्बोधित किया।जिला सम्मलेन का संचालन महासचिव प्रणोद बिष्ट ने किया।

Published on:
05 Sept 2017 09:14 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
